चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी का रसायन विज्ञान विभाग कोरोना से बचाव के लिए बड़ी मात्रा में सैनिटाइजर बनाने की तैयारी कर रहा है। चंडीगढ़ के कई सरकारी विभागों ने वैज्ञानिकों से सैनिटाइजर की डिमांड की है। कच्चा माल कम पड़ रहा है, इसलिए जुटाया जा रहा है। संबंधित विभागों से भी कहा गया है कि वह भी कच्चा माल उपलब्ध कराएं।
कोरोनो वायरस का प्रकोप धीरे धीरे बढ़ रहा है। इसी के साथ सैनिटाइजर आदि की भी कमी हो रही है। लोगों की आवश्यकता बढ़ रही है। इसी बीच से पीयू के रसायन विज्ञान विभाग के वैज्ञानिकों ने 25 लीटर सैनिटाइजर तैयार किया और अपने कैंपस में हजारों लोगों को मुहैया कराया। हॉस्टल से लेकर विभागों तक यह पहुंचाया गया। यह मामला सार्वजनिक हुआ तो यूटी के कई बड़े सरकारी विभागों ने अपने लिए सैनिटाइजर की मांग वैज्ञानिकों के सामने रखी है। उसी की पूर्ति के लिए वैज्ञानिक जुटे हैं। वह भी कच्चा माल जुटा रहे हैं। साथ ही विभागों से भी कहा है कि वह कच्चा माल उपलब्ध कराएं। सोमवार तक इस पर पूरी कार्रवाई हो सकती है।