चंडीगढ़। बहन व दोस्त के साथ मार्केट गई युवती के साथ सेक्टर-44 स्थित गवर्नमेंट स्कूल के पास इनोवा सवार तीन युवकों ने गाली गलौज कर छेड़खानी शुरू कर दी। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सेक्टर-34 थाना पुलिस ने छेड़छाड़ की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। वहीं, पुलिस अब एरिया में लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगालना शुरू कर दिया है ताकि आरोपियों की पहचान हो सके।
पुलिस को दी शिकायत में युवती ने बताया कि बीते 14 मार्च को वह अपनी बहन व दोस्त के साथ मार्केट गई थी। सेक्टर-44 स्थित गवर्नमेंट स्कूल के पास पहुंची तो इनोवा सवार तीन युवकों ने उसके साथ छेड़छाड़ करना शुरू कर दिया। इसका विरोध किया तो उन्होंने उनके साथ गाली गलौज करना शुरू कर दिया। शोर मचाने पर तीनों युवक कार में बैठकर फरार हो गए। शिकायत में पीड़िता ने बताया कि वह कार का नंबर नोट नहीं कर सकी। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।