चंडीगढ़। छात्रों के दबाव के बाद आखिरकार पंजाब यूनिवर्सिटी ने शुक्रवार को पुस्तकालय खोलने के आदेश जारी कर दिए। इसके साथ ही छात्रों का चल रहा धरना भी समाप्त हो गया। पीयू ने छात्रों से कहा है कि कोरोना के केस बढ़ रहे हैं। ऐसे में कोरोना के दिशानिर्देशों का पालन करना होगा।
शुक्रवार को दिन में 11 बजे पीयू डीएसडब्ल्यू प्रो. एसके तोमर, डीएसडब्ल्यू वुमेन प्रो. सुखबीर कौर आदि के साथ पांच छात्र प्रतिनिधियों की बैठक होनी थी, लेकिन बैठक विलंब से हुई। बैठक में छात्रों ने कहा कि छात्रावासों में विद्यार्थी व शोधार्थी रह रहे हैं। उन्हें पढ़ने के लिए किताबें नहीं मिल रही हैं। ऐसे में पुस्तकालय खोला जाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि तमाम विद्यार्थी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। उनकी पढ़ाई पुस्तकालय के अचानक बंद होने से प्रभावित हो रही है। बैठक के दौरान पहले तो अधिकारी अपने बातों पर अड़े रहे, लेकिन बाद में उन्हें छात्रों की बात का समर्थन करना पड़ा। छात्रों ने कहा कि जब तक पुस्तकालय नहीं खुलेगा, तब तक वे प्रदर्शन करते रहेंगे। अधिकारियों ने उन्हें आश्वासन दिया कि शाम तक वे पुस्तकालय खोलने के आदेश जारी कर देंगे। इसके अलावा छात्रों ने पीयू खोलने की मांग रखी। पीयू ने कहा कि कोरोना के केस लगातार बढ़ रहे हैं। अचानक पूरे कैंपस को खोलना संभव नहीं है, लेकिन इसके लिए रोस्टर बनाया गया है। जैसे ही स्थिति ठीक होगी, कैंपस खोला जाएगा। विद्यार्थियों ने कई अन्य समस्याएं भी पीयू के अधिकारियों के समक्ष रखी। इस पर अधिकारियों ने कहा कि समस्याओं का समाधान जल्द किया जाएगा। अधिकारियों ने शाम को पुस्तकालय खोलने के आदेश जारी कर दिए और उधर, छात्रों ने भी धरना खत्म कर दिया। छात्रों ने अपनी एकता के लिए नारे लगाए। छात्रों की मांगों को लेकर वे हमेशा आगे खड़े रहेंगे। पीयू प्रशासन के आगे नहीं झुकेंगे। जल्द ही अन्य मांगों पर भी पीयू प्रशासन पर दबाव बनाया जाएगा।
ये है पुस्तकालय खुलने का समय
पीयू प्रशासन की ओर से जारी किए गए आदेश में पुस्तकालय खुलने का अलग-अलग समय रखा गया है। पुस्तकालय का बाहरी भाग सुबह नौ बजे से रात 12 बजे तक खुलेगा और एसी जोशी पुस्तकालय की पहली मंजिल सुबह नौ बजे से रात आठ बजे तक खुलेगी। आदेश में कहा गया है कि छात्रों को कोरोना गाइड लाइन का पालन करना होगा।