चंडीगढ़। पंजाब विश्वविद्यालय के आवासों में आरक्षण लागू करने की मांग फिर जोर पकड़ गई है। एससी, एसटी व बीसी वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान हरप्रीत सिंह ने कहा है कि पीयू इस आरक्षण के लाभ के लिए कमेटियां तो बनाती है, लेकिन कोई निर्णय लेकर लाभ नहीं दिया जाता। उन्होंने कहा कि जल्द से जल्द आवासों में आरक्षण का लाभ दिया जाए।
उन्होंने पीयू प्रशासन के समक्ष प्रस्ताव रखा है कि पीजीआई समेत तमाम शिक्षण संस्थानों में आवास आरक्षण लागू हो चुका है। अब पीयू इसमें देरी क्यों कर रही है, यह बड़ा सवाल है। सूत्रों के अनुसार इस प्रस्ताव को टालने के लिए तैयारी की जा रही है। उन्होंने कुछ अधिकारियों पर भी सवाल खड़े किए हैं, जिसकी जांच होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि एससी, एसटी व बीसी वर्ग के कर्मचारियों को उनका हक नहीं मिल पा रहा है। पदोन्नति में आरक्षण का लाभ मिलना चाहिए था, लेकिन पीयू आज तक रोस्टर नहीं बना पाई। पीयू द्वारा केवल आश्वासन देने से कर्मचारियों में आक्रोश पनप रहा है। पीयू जल्द कर्मचारियों की मांगों पर विचार करे, अन्यथा दूसरे रास्ते अपनाए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि रोस्टर का मुद्दा फिर से यूजीसी, केंद्र सरकार, केंद्रीय व पंजाब एससी आयोग के पास भेजा जाएगा। इसकी तैयारियां चल रही हैं।