सांसद किरण खेर के खिलाफ मटका चौक पर प्रदर्शन करते एनएसयूआई के कार्यकर्ता।
- फोटो : अमर उजाला
छात्रों की समस्याओं को लेकर सांसद किरण खेर का कोई बयान न आने के विरोध में एनएसयूआई के पदाधिकारियों ने मटका चौक पर प्रदर्शन किया। पदाधिकारियों ने कहा कि सांसद का पता बताने वालों को 2100 रुपये का इनाम दिया जाएगा। इस दौरान छात्र नारेबाजी कर रहे थे। इस दौरान पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया और गिरफ्तार करके सेक्टर-3 थाने ले आई। शाम छह बजे तक वे थाने में रहे और उसके बाद उन्हें छोड़ दिया गया।
एनएसयूआई सोशल मीडिया के राष्ट्रीय चेयरमैन मनोज लुबाना ने कहा कि यह समय संकट का है। कोरोना के कारण हर कोई परेशान है। वहीं छात्र भी परेशान हैं। परीक्षा से लेकर पढ़ाई तक की उन्हें चिंता सता रही है। छात्र प्रदर्शन कर रहे हैं लेकिन सांसद एक बार भी न तो आई हैं और न ही कोई उनका बयान आया है। उन्हें पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। मटका चौक पर लगभग आठ से अधिक पदाधिकारी प्रदर्शन कर रहे थे लेकिन पुलिस ने प्रदर्शन को ज्यादा देर तक नहीं चलने दिया। इसमें मनोज लुबाना, सुखजीत सुखी, तरलोचन सिंह, राजकरण, गुरप्रीत, सुखविंदर, राहुल कुमार आदि शामिल हैं।