प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने करतारपुर कॉरिडोर को केंद्र सरकार की बड़ी उपलब्धि बताते हुए इसके पाकिस्तान में रह जाने के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि जल्द ही अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस कॉरिडोर का निर्माण किया जाएगा। मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार प्रयास कर रही है कि श्री गुरु नानक देव जी से जुड़े स्थलों पर सभी लोग बेरोक टोक जा सकें।
सात दशक पहले भारत पाक विभाजन के समय हमें उस पवित्र स्थान से दूर कर दिया गया, जिस पर हमारा हक था। सिर्फ तीन-चार किलोमीटर की बात थी, लेकिन उस समय की सरकार आस्था के इतने पवित्र तीर्थ को भारत के साथ नहीं रख पाई। सात दशक से अपने गुरु की तपोस्थली को देशवासी दूरबीन से देखने के लिए मजबूर हैं।
देश की इसी भावना और करोड़ों सिखों की मांग को देखते हुए एनडीए सरकार ने करतारपुर कॉरिडोर बनाने का ऐतिहासिक फैसला लिया। हर सिमरत कौर बादल की अगुवाई में प्रतिनिधिमंडल को सीमा पार भेजा।
नरेंद्र मोदी ने कहा कि इसी वर्ष श्री गुरु नानक देव जी की 550वीं जयंती है। केंद्र सरकार ने तय किया है कि गुरु जी के संदेश किरत करो, नाम जपो, वंड छको को दुनिया के कोने-कोने तक पहुंचाया जाए। इसके लिए दुनिया भर में समारोह आयोजित किए जाएंगे। उनसे जुड़े एक और स्थल सुल्तानपुर लोधी को हैरिटेज टाउन के रूप में विकसित करने का काम चल रहा है।
राज्य में पिछड़े केंद्रीय प्रोजेक्ट
पीएम ने आरोप लगाया कि पंजाब में केंद्रीय अहम प्रोजेक्ट पिछड़ गए हैं। उन्होंने कहा कि आवास योजना, जालंधर, अमृतसर, लुधियाना के स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट और 16 शहरों में चल रहे अमृत प्रोजेक्ट के काम की रफ्तार देश की तुलना में धीमी पड़ गई है। इसके लिए राज्य सरकार को जागना होगा। जितना काम होना चाहिए, नहीं हो रहा है।