एलपीजी उपभोक्ताओं को सरकार ने मंगलवार को बड़ी राहत दी है। एक नवंबर से कामर्शियल गैस सिलिंडर की कीमत घटा दी गई है। कामर्शियल एलपीजी सिलिंडर 115 रुपये तक सस्ता हो गया है। मगर घरेलू सिलिंडर के दामों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है। लुधियाना में कामर्शियल सिलिंडर की नई कीमत 1810.50 रुपये होगी। कीमत में 115.50 रुपये की कटौती की गई है। इससे पहले अक्तूबर में एक सिलिंडर का दाम 1926 रुपये था।
कारोबारियों का कहना है कि आने वाले वक्त में कीमतों में और कमी आ सकती है। रसोई गैस की महंगाई से सभी परेशान हैं। इस बारे में होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के प्रधान अमरवीर सिंह ने कहा कि अभी व्यावसायिक सिलिंडर की कीमतों में और कमी होने की गुंजाइश है। पहले ही कारोबारी महंगाई की मार से परेशान हैं, मार्जिन कम हो रहे हैं लेकिन अब सिलिंडर की कीमत में आ रही कमी से मामूली राहत जरूर मिली है।
देश में महंगाई ने आम लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। हालांकि अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तेल की कीमतें गिरने से ही गैस की कीमतों में अब कमी आ रही है। कामर्शियल सिलिंडर की कीमतें तो कम जरूर हुई हैं लेकिन घरेलू उपभोक्ताओं को कोई राहत नहीं मिली है। गृहिणियों का कहना है कि रसोई की महंगाई ने हमें परेशान कर रखा है। आटा, दाल समेत खाद्य पदार्थों की कीमत लगातार बढ़ रही हैं। इसके चलते अब घर चलाना मुश्किल हो गया है।