गर्भपात के बाद भ्रूण लेकर फरार हुई युवती, गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज
सुशील कुमार
सुनाम ऊधम सिंह वाला। गर्भवती महिला इलाज के लिए कथित नर्स के पास उसके घर आई, लेकिन उसने दर्द ठीक होता न देख गर्भवती महिला का गर्भपात कर डाला। इससे महिला की मौत हो गई। इसके एवज में नर्स ने 16 हजार रुपये फीस ली और पीड़िता की मौत के बाद भ्रूण लेकर फरार हो गई। पुलिस ने नर्स के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
सुनाम में तैनात सब इंस्पेक्टर कश्मीर सिंह ने बताया कि गांव घोडेनब ( लहरागागा) के सतगुर सिंह, जो मजदूरी करता है। उसकी पत्नी कर्मजीत कौर, चार या पांच माह से गर्भवती थी। शनिवार को शाम अचानक दर्द होने लगा। वह पत्नी को चेकअप के लिए सुनाम की इंदिरा बस्ती में रह रही एक नर्स ऊषा कौर के घर ले आया। नर्स ने कई इंजेक्शन दिए और फिर कहा कि केस खराब है। गर्भपात करना पड़ेगा अन्यथा मां की जान को खतरा है। रात को घर में ही रुकने को कहा। कर्मजीत कौर के पति सतगुर सिंह से 16 हजार रुपये एडवांस ले लिए। रविवार सुबह चार बजे गर्भपात कर दिया। सब इंस्पेक्टर ने कहा कि सतगुर सिंह को बच्चा नहीं दिखाया गया और किसी थैले में डालकर नर्स भाग गई। इसी दौरान उसकी पत्नी की मौत हो गई। पुलिस ने धारा 304 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी नर्स फरार है। सुनाम के सरकारी अस्पताल में मृतका का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है।
संगरूर में यह घटना अपने पीछे कई गंभीर सवाल छोड़ गई है। आखिर एक तथाकथित नर्स गंभीर मरीज का इलाज घर में ही कैसे कर रही थी। कथित नर्स के पास इतने मेडिकल इक्यूपमेंट कहां से आए। मरीज सीधे ही ऐसी नर्स तक कैसे पहुंच रहे हैं। नर्स ऐसी मेडिकल सेवाएं किस आधार पर दे रही थी। आने वाले दिनों में शायद इन सवालों से पर्दा उठे।
फ़ोटो। सुनाम में मौत की भेंट चढ़ी गर्भवती महिला