उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार देना कांग्रेस की दूसरी सबसे बड़ी प्राथमिकता रहेगी। आज राज्य से युवा अच्छे कैरियर की तलाश में विदेश का रुख कर रहे हैं, जिसके लिए उनके घरवाले अपनी जमीनें भी बेचने को मजबूर हो जाते हैं। यदि ऐसा ही चलता रहा तो एक दिन अपने पंजाब में ही पंजाबी अल्पसंख्यक हो जाएंगे। कांग्रेस पार्टी का मैनिफेस्टो महिला सशक्तीकरण पर भी जोर देगा। कांग्रेस पार्टी की नीतियों के बदौलत ही आज महिलाएं आईएएस, आईपीएस, एनडीए सहित राष्ट्रीय स्तरीय सेवाओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रही हैं।
उन्होंने राज्य में औद्योगिक विकास को लेकर पार्टी की रणनीति का भी खुलासा करते हुए बताया कि सरकार इंडस्ट्री को रियायत देगी, ताकि उद्योग प्रफुल्लित हों और राज्य में आर्थिक विकास होने के साथ रोजगार के अवसर पैदा हों। बाजवा ने खुलासा किया कि मेनिफेस्टो कमेटी की ओर से मुख्यमंत्री और पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष के साथ अलग-अलग बैठकें की जा चुकी हैं और जल्द ही पार्टी का मेनिफेस्टो पेश किया जाएगा।
आप के पूर्व विधायक ने खोली केजरीवाल के दावों की पोल
इस मौके पर आम आदमी पार्टी से दिल्ली के पूर्व विधायक आदेश शास्त्री ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी आरएसएस की ‘बी टीम’ है। आम आदमी पार्टी दिल्ली के लोगों के साथ किया गया कोई भी वादा पूरा नहीं कर सकी है और पंजाब में झूठ का प्रचार कर रही है।
उन्होंने कहा कि शीला दीक्षित की सरकार के वक्त दिल्ली में 60 हजार करोड़ का बजट सरप्लस था और आज भी बजट सरप्लस होने के बावजूद केजरीवाल वहां की महिलाओं को 100 रुपये का भत्ता नहीं दे सके हैं। जबकि पंजाब में महिलाओं को 1000 रुपये देने का झूठा वादा कर रहे हैं। उन्होंने स्कूलों में सुधार संबंधी केजरीवाल के दावों की भी पोल खोली। उन्होंने कहा कि शीला दीक्षित सरकार के मुकाबले जहां स्कूलों की संख्या कम हुई है, वहीं करीब 20 हजार अध्यापकों में से एक भी पक्का नहीं हुआ।