बरसात के मौसम से पहले रणजीत सागर बांध (आरएसडी) प्रशासन ने मरम्मत और सर्वे के काम के कारण मंगलवार को बिजली उत्पादन बंद कर दिया। इससे पंजाब, हरियाणा, हिमाचल, जम्मू-कश्मीर और राजस्थान को अगले 10 दिन बिजली की कमी का सामना करना पड़ेगा।
अधिकारियों के मुताबिक माधोपुर गेटों की रिपेयर, मुक्तेश्वर धाम की नींव का सर्वे और झील के कुछ सर्वे के कारण रावी नदी से पानी का बहाव बंद कर दिया गया है। ये काम बेहद जरूरी हैं, जिन्हें टाला नहीं जा सकता।
यह भी पढ़ें- पिता ने थमाई थी हॉकी, जुनून ने बनाया दुनिया का सितारा, पढ़ें- दिग्गज खिलाड़ी बलबीर सिंह की अनसुनी बातें
मंगलवार को रणजीत सागर झील का जलस्तर 511.21 मीटर रिकॉर्ड दर्ज किया गया। आने वाले दिनों में झील का जलस्तर में बढ़ोतरी होने की संभावना है। झील की क्षमता 527.91 मीटर है। 25 मई को 510.60 मीटर जलस्तर से 10,693 क्यूसिक बहाव में 63.99 लाख यूनिट बिजली का उत्पादन करने के बाद मंगलवार तड़के एक बजे बिजली का उत्पादन बंद कर दिया गया। परियोजना के एसई नरेश महाजन ने बताया कि 10 दिन में मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद उत्पादन फिर चालू कर दिया जाएगा।