वीडियो बनाता ट्रैफिक पुलिसकर्मी।
- फोटो : अमर उजाला
चंडीगढ़ के सेक्टर-26 स्थित एसजीजीएससी खालसा कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव के लिए मतदान संपन्न हो गया है। छात्रों में जमकर मतदान का जोश देखने को मिला। सुबह 9:30 बजे से मतदान शुरू होना था। मगर इससे पहले सुबह 7:30 बजे से कॉलेज के बाहर छात्र संगठन के नेता और समर्थकों का जमावड़ा लगने लगा था। जैसे ही मतदान के लिए कॉलेज का गेट खोला गया वैसे ही छात्रों की लंबी लाइन लग गई। इस दौरान कॉलेज प्रबंधन और चंडीगढ़ पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रही।
मुख्य गेट पर प्रत्येक छात्र के पहचान पत्र की जांच की गई। उधर, पुलिस ने कॉलेज के सामने मुख्य सड़क पर तीन स्तर की बैरिकेडिंग कर रखी थी। मुख्य सड़क पर 200 मीटर तक नो पार्किंग जोन भी घोषित किया गया था। उधर, सुरक्षा व्यवस्था में एक इंस्पेक्टर समेत 40 पुलिसकर्मी तैनात रहे। कैंपस में ट्रैफिक पुलिस और पीसीआर भी मौजूद रही।
सेक्टर-7 सीपीडब्ल्यूडी कॉलोनी का गेट किया बंद
मतदान के दौरान कैंपस के पास छात्रों की भीड़ रोकने के लिए खालसा कॉलेज लाइट प्वाइंट से सटी सेक्टर-7 सीपीडब्ल्यूडी कॉलोनी का गेट बंद कर दिया गया था। वहां पर पुलिस मुलाजिमों की तैनात भी की गई। इस दौरान कॉलोनी के रहने वाले लोग आवागमन के लिए सेक्टर- 7 गुरुद्वारा साहिब के सामने मौजूद गेट का इस्तेमाल करते दिखे। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों का कहना था कि कॉलेज के आसपास छात्रों की भीड़ जुटने और एक-दूसरे के विरोधी गुटों में झगड़ा होने की संभावना बनी रहती है। कैंपस के पास कॉलोनी के होने के चलते छात्र हर बार वहां एकत्र हो जाते थे।
कॉलेज के सामने मुख्य सड़क पर 200 मीटर तक नो पार्किंग जोन
उधर, पुलिस ने खालसा कॉलेज के बाहर मौजूद मुख्य सड़क पर एक तरफ बटरफ्लाई गार्डन मोड़ और दूसरी ओर कॉलेज लाइट प्वाइंट के पास बैरिकेडिंग की। इस दौरान पुलिस मुलाजिम पूरी तरह मुस्तैद रहे और छात्र नेताओं की गाड़ियों को रोकते दिखे। पुलिस ने कॉलेज के सामने मुख्य सड़क पर 200 मीटर तक वाहन खड़े करने पर प्रतिबंध लगा दिया।