पंजाब कांग्रेस के प्रधान सुनील जाखड़ ने मंगलवार को कहा कि वह पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी को दो राज्यसभा सांसदों प्रताप सिंह बाजवा और शमशेर सिंह दुलो द्वारा की गई गंभीर अनुशासनहीनता के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए लिखेंगे। उन्होंने कहा कि दोनों सांसदों ने अपनी सरकार पर हमला किया है। जाखड़ ने उन लोगों के परिवारों के प्रति अपनी सहानुभूति जताई, जिन्होंने भयावह घटना में अपनी जान गंवा दी। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि ऐसी त्रासदी किसी भी व्यक्ति को अनुशासनहीनता का लाइसेंस नहीं देती है।
उन्होंने कहा कि यह समय स्थिति से निपटने और कांग्रेस पार्टी को बाजवा और दूलो जैसे नेताओं की घटिया चालों से बचाने का है, जिन्होंने उसी थाली में छेद किया, जिस थाली में उन्होंने खाया। जाखड़ ने दोनों सासंदों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की मांग की।कांग्रेस प्रधान ने कहा कि बाजवा और दूलो की कार्यवारी को और बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि बाजवा और दूलो जैसे लोग, जिनमें चुनाव का सामना करने की भी हिम्मत नहीं है, पार्टी के लिए बेमानी हो चुके हैं।
जाखड़ ने यह भी कहा कि पार्टी की पीठ में छूरा घोंपने वाले ऐसे सदस्यों को कोई और बड़ा नुकसान पहुंचाने से पहले बाहर का रास्ता दिखा देना चाहिए। उन्होंने कहा कि बस, अब बहुत हो गया और वे पार्टी के राष्ट्रीय प्रधान से इनके खिलाफ गंभीर कार्यवाही करने की स्पष्ट तौर पर मांग करने जा रहे हैं। जाखड़ ने दोनों सांसदों की ओर से गत दिवस जहरीली शराब से हुई मौतों की जांच सीबीआई और इनफोर्समेंट डायरेक्टोरेट (ईडी) से करवाने की मांग को लेकर राज्यपाल से मिलने की कार्यवाही को, किसी भी हाल में सत्ता की कुर्सी हथियाने की निराश कोशिश करार दिया।
उन्होंने कहा कि पिछली अकाली-भाजपा सरकार के समय बेअदबी मामलों की सीबीआई जांच (जो उस समय पंजाब पुलिस द्वारा अपने हाथ में ले ली गई थी) या नशों पर ईडी की जांच में तेजी लाने के लिए कितनी बार आवाज उठाई थी?