फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बग्गा पर गरमाई सियासत: पंजाब पुलिस पर दर्ज केस पर विपक्ष ने जताई नाराजगी, सिद्धू बोले-ये पाप है

Fri, 06 May 2022 02:08 PM IST
निवेदिता वर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़

सार

पंजाब कांग्रेस के प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने इस मामले को लेकर सीएम भगवंत मान को घेर लिया है। उन्होंने कहा कि ये पंजाब पुलिस के लिए सबसे दुखद दिन है।
विज्ञापन
पंजाब कांग्रेस प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग। - फोटो : फाइल
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पंजाब पुलिस की ओर से मोहाली में दर्ज एक केस में भाजपा नेता तजिंदरपाल सिंह बग्गा की दिल्ली में गिरफ्तारी और उससे जुड़े घटनाक्रम को लेकर सूबे में सियासत गरमा गई है। सभी विपक्षी दलों ने प्रदेश सरकार और आम आदमी पार्टी को निशाने पर ले लिया है।

विज्ञापन


पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने आम आदमी पार्टी द्वारा बदले की राजनीति के लिए पंजाब पुलिस के दुरुपयोग की निंदा की है। उन्होंने कहा कि आप राजनीतिक विरोधियों के साथ खुन्नस निकालने के लिए पुलिस के दुरुपयोग को लेकर भाजपा से भी आगे निकल गई है।

भाजपा नेता तजिंदरपाल सिंह बग्गा की पंजाब पुलिस द्वारा गिरफ्तारी और उसके बाद के घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया जाहिर करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पंजाब पुलिस को अपनी बहादुरी, हिम्मत और बलिदान के लिए जाना जाता है। इसे मात्र एक व्यक्ति, जो उसकी निंदा करने वाले को जेल भेजना चाहता है, का अहम शांत करने के लिए एक अजीब स्थिति में धकेल दिया गया है। चाहे बग्गा या जिग्नेश मेवानी की गिरफ्तारी हो या फिर अलका लांबा या कुमार विश्वास के खिलाफ केस दर्ज करने का मामला हो, इसे किसी भी तरीके से सहन नहीं किया जा सकता। हम इसकी निंदा करते हैं। भाजपा अपना बोया ही काट रही है। उसने पुलिस का दुरुपयोग शुरू किया था और अब उसकी बी-टीम आम आदमी पार्टी वही फार्मूला अपने विरोधियों के खिलाफ इस्तेमाल कर रही है। इसके चलते पुलिस की संस्था को बदल दिया गया है।
विज्ञापन


उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस द्वारा पंजाब पुलिस के खिलाफ केस दर्ज किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है और इससे बचा जा सकता था। यह पंजाब पुलिस के लिए बुरा दिन है। हमारी सम्मानित फोर्स को अपहरण का आरोपी बनाकर कुरुक्षेत्र में रोक लिया गया। वड़िंग ने पुलिस को ऐसी स्थिति में पहुंचाने के लिए जिम्मेदारी तय करने की मांग की है। उन्होंने डीजीपी से ऐसे मामलों से निपटने में अपने अधिकार का प्रयोग करने की अपील की। 

सिद्धू बोले-पंजाब पुलिस का राजनीतिकरण बंद करो

वहीं पंजाब कांग्रेस के पूर्व प्रधान नवजोत सिद्धू ने कहा कि तजिंदर बग्गा अलग पार्टी से हो सकते हैं, उनसे वैचारिक मतभेद हो सकते हैं। लेकिन राजनीतिक प्रतिशोध, लेने के लिए अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान द्वारा पंजाब पुलिस के माध्यम से व्यक्तिगत हिसाब चुकता करना सबसे बड़ा पाप है... पंजाब पुलिस का राजनीतिकरण कर उसकी छवि खराब करना बंद करो।

कैप्टन, बाजवा, वड़िंग, परगट, सुखबीर, शर्मा ने की कड़ी निंदा

पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने बग्गा को गिरफ्तार किए जाने की कड़ी निंदा करते हुए पंजाब पुलिस से कहा कि वह किसी बाहरी व्यक्ति के तानाशाही आदेशों के आगे न झुके। कैप्टन ने कहा- ‘याद रखें, अरविंद केजरीवाल आपका मुख्यमंत्री नहीं है और आप उसका मन बहलाने के लिए नहीं हैं।’ कैप्टन ने आगे कहा कि जिस समय पंजाब पुलिस को पाकिस्तान से बिगाड़ी जा रही कानून-व्यवस्था की स्थिति और आतंकवाद के खतरे से निपटने पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए, उन्हें दूसरे राज्यों में केजरीवाल के सियासी विरोधियों को ठीक करने का काम सौंपा जा रहा है। जहां पुलिस ने बग्गा को गिरफ्तार किया है, वहीं इससे पहले पंजाब पुलिस ने डा. कुमार विश्वास और अलका लांबा पर भी मामला दर्ज किया था। यहां तक कि अदालत ने भी कहा कि विश्वास के खिलाफ मामला राजनीति से प्रेरित था।

विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने ट्वीट किया- पंजाब पुलिस के लिए यह बुरा दिन है, जिसे तानाशाह अरविंद केजरीवाल की मनमानी चलाने वाले गैर तजुर्बेकार मुख्यमंत्री भगवंत मान के जरिये सम्मानित फोर्स को किडनैपर बताकर कुरुक्षेत्र में रोका गया। उन्होंने लिखा- यह सारा तमाशा दिल्ली के आकाओं को खुश करने के लिए किया गया है। पुलिस को अपनी गरिमा बनाकर रखनी होगी।

कांग्रेस विधायक परगट सिंह ने भी ट्वीट कर इस मामले के लिए सरकार की कड़ी निंदा करते हुए लिखा- आज का दिन पंजाब के इतिहास का एक दुखद दिन है क्योंकि पंजाब पुलिस को अपहरण के केस के जरिये अपमानित किया गया है। अब पुलिस द्वारा ऐसे सभी गैर कानूनी आदेशों को इनकार करने का समय आ गया है।

शिअद अध्यक्ष सुखबीर बादल ने कहा है यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। ऐसे समय में जब पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति सबसे खराब है और सांप्रदायिक सद्भाव बिगड़ रहा है, पंजाब पुलिस की टीमों को दिल्ली में आप के विरोधियों को गिरफ्तार करने का काम करने पर लगा दिया गया है। यह निंदनीय है कि आप की सरकार लोगों से किए गए वादों को पूरा करने के बजाय राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ मामला दर्ज कर रही है।

पंजाब भाजपा के अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने कहा कि पंजाब पुलिस द्वारा किया गया बग्गा का अपहरण केजरीवाल के इशारे पर हुआ है। शर्मा ने पंजाब पुलिस द्वारा बग्गा के पिता से की गई मारपीट की भी निंदा की। उन्होंने कहा कि केजरीवाल द्वारा सियासी रंजिश के चलते पंजाब पुलिस का इस्तेमाल करना दर्शाता है कि पंजाब की सत्ता मुख्यमंत्री भगवंत मान नहीं बल्कि केजरीवाल चला रहे हैं।

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें