चंडीगढ़ के सेक्टर- 42 में राइफल साफ करते हुए पंजाब के पूर्व डीजीपी मोहम्मद इजहार आलम की गार्द में तैनात हवलदार राज सिंह (48) के माथे पर गोली लगने से मौत हो गई। सेक्टर-36 थाना पुलिस ने राइफल को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार पूर्व डीजीपी मोहम्मद इजहार आलम सेक्टर- 42 स्थित मकान नंबर 1476 में रहते हैं।
शुक्रवार को पंजाब आईआरबी के जवानों को गार्द में तैनात हवलदार के असलहे की इंस्पेक्शन के लिए आना था। इस दौरान हवलदार राज सिंह राइफल साफ कर रहे थे। दोपहर करीब 1.45 बजे जब वह अपनी एसएलआर साफ करने लगे तो अचानक से गोली चल गई। गोली सीधा उनके माथे पर जा लगी। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सेक्टर-36 थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि राज सिंह मूलरूप से पंजाब के संगरूर का रहने वाला था।
यह भी पढ़ें- शहीद को मां और बेटी ने दिया कंधा, पत्नी से कहा था- सेना का नमक चुका सकूं तो मैं भाग्यशाली
शव को जीएमसीएच-16 के मोर्चरी में रखवाया
घटना के बाद पुलिस ने राज सिंह के शव को जीएमएसएच-16 की मोर्चरी में पोस्टमार्टम के लिए रखवा दिया है। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। सेक्टर- 36 थाना पुलिस जांच में जुट गई है।
पुलिस मान कर चल रही हादसा
सेक्टर-36 थाना प्रभारी रंजोध सिंह ने बताया कि पुलिस ने तमाम पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस अभी इसे हादसा मानकर चल रही है। हादसे के वक्त पूर्व डीजीपी घर पर ही मौजूद थे। घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है।
सर्विस रिवॉल्वर से आईएएस के पीएसओ ने की थी आत्महत्या
बता दें कि बीते साल सितंबर में हरियाणा के आईएएस एके सिंह के साथ पीएसओ ड्यूटी पर तैनात हरियाणा के सीआईडी डिपार्टमेंट के कॉन्स्टेबल सोनू कुमार ने सेक्टर-39 स्थित अपने सरकारी आवास पर गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। मौत का कारण पारिवारिक कलह बताई जा रही थी।