वेलेंटाइन डे वाले दिन शहर की सड़कों पर हुड़दंग को रोकने के लिए चंडीगढ़ पुलिस ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। शहर में डीएसपी, इंस्पेक्टरों समेत कुल 770 पुलिस कर्मचारी तैनात रहेंगे और हुल्लड़बाजों पर नजर रखेंगे। गर्ल्स स्कूलों, कॉलेजों व पंजाब यूनिवर्सिटी के बाहर विशेष रूप से पुलिस वालों की तैनाती रहेगी।
पुलिस ने बताया कि मंगलवार सुबह आठ बजे से लेकर रात दस बजे तक पुलिस गेड़ी रूट, रोज गार्डन, कॉलेज, एलांते मॉल, सेक्टर-17 प्लाजा और डिस्को के बाहर तैनात रहेगी। थाना और ट्रैफिक पुलिस मिलकर छह से रात दस बजे तक स्पेशल नाके लगाएगी। पुलिस सेक्टर-10 स्थित गेड़ी रूट को भी वन वे कर देगी।
वहीं महिलाओं से छेड़छाड़ की घटनाओं को रोकने के लिए महिला डीएसपी की अगुवाई में स्पेशल टीम बनाई गई है। इसमें दो महिला इंस्पेक्टर, 97 सब इंसपेक्टर और महिला कांस्टेबल शामिल की गईं हैं।