हनीप्रीत को कोर्ट में पेश करने के लिए पंचकूला पुलिस ने एक बार फिर अपना पुराना पैंतरा इस्तेमाल किया। मुख्य आरोपी के साथ डमी आरोपी तैयार कर कोर्ट लाया गया ताकि भीड़ को भ्रमित किया जा सके। पंचकूला पुलिस पहले भी इस तरह का छल कई बड़े मामलों में कर चुकी है।
हनीप्रीत और सुखदीप को कोर्ट में लाने के लिए तीन गाड़ियां तैयार की गईं। सबसे आगे एक गाड़ी एसीपी अजय राणा आए और तेजी से कोर्ट के दो नंबर गेट की तरफ बढ़ गए। इसके पीछे दूसरी गाड़ी आई जिसमें एसीपी मुकेश मल्होत्रा, महिला पुलिस अधिकारी और दोनों आरोपी थी। इस गाड़ी को भी तेजी से आगे लाकर आरोपियों को उतार लिया गया।
इसी गाड़ी के साथ तीसरी गाड़ी आई, जिसमें दो डमी आरोपी बैठाई गई थी। इस गाड़ी को भीड़ के बीच में खड़ा कर दिया गया और पूरी एक्टिंग की गई कि आरोपी इसी गाड़ी मे हैं। हुआ भी ऐसा ही, पुलिस का छलावा कुछ देर केलिए जब कामयाब हो गया तो डमी आरोपियों वाली गाड़ी वापस भेज दी गई।