सरपंच ने बताया कि उनके गांव में ड्रोन जैसी आवाज आई और इसके बाद किसी बड़ी चीज के जमीन पर गिरने की आवाज सुनाई दी। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंच कर तलाशी अभियान चलाया और रविवार की देर शाम करीब 6:30 बजे एक बैग मिला। हथियारों का जखीरा मिलने के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) दिनकर गुप्ता ने सोमवार को चंडीगढ़ में प्रेसवार्ता में बताया कि बरामद बैग के अंदर सात पैकेट मिले हैं। गुलाबी रंग के पैकेट में आरडीएक्स मिला। इस बैग में 9 एमएम की 100 से ज्यादा कारतूस, पांच हैंड ग्रेनेड और तीन डेटोनेटर भी बरामद हुए हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही एनआईए (राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण) की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई। सोमवार शाम तीन बजे तक सभी बम को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर डिफ्यूज कर दिया गया था, जबकि समाचार लिखे जाने तक सीमा पर बीएसएफ और पुलिस का तलाशी अभियान लगातार जारी रहा।