ऑपरेशन प्रबल प्रहार के तहत हरियाणा पुलिस ने पिछले पांच माह के दौरान सिरसा जिले में 22 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ बदामद किए हैं। पुलिस अधीक्षक हामिद अख्तर ने इस सफलता का श्रेय पुलिस टीमों व आमजन को दिया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पांच माह की अवधि में जिला पुलिस ने मादक पदार्थ अधिनियम के तहत 250 अभियोग दर्ज कर 409 लोगो को गिरफ्तार किया है।
इस अवधि के दौरान दर्ज किए गए 250 मुकदमों में से 204 मामले सेशन ट्रायल है। पुलिस ने पकड़े गए तस्करों के कब्जे से 4 किलो 444 ग्राम 95 मिली ग्राम हेरोइन, 16 किलो 437 ग्राम अफीम, 2200 किलो 120 ग्राम चूरा पोस्त व डोडा पोस्त, 28 किलो 730 ग्राम गांजा, दो लाख 93 हजार 478 प्रतिबंधित नशीली गोलियां, 1009 नशीलें इंजेक्शन व 34 हजार 100 नशीले कैप्सूल बरामद किये गए। पुलिस का दावा है कि इन मादक पदार्थों की कीमत करीब 22 करोड़ रुपये है।
एसपी का कहना है कि अगर जिला की जनता से इसी तरह अभियान में सहयोग मिलता रहा तो अवश्य ही इस अभियान के और अच्छे परिणाम सामने आएंगे। मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ शिंकजा कसने के लिए एंटी क्राइम यूथ क्लब व नशा मुक्ति अभियान का गठन किया गया है।
पुलिस अधीक्षक ने जिला की आम जनता, समाजिक संगठनों, युवा क्लबों व पंचायत प्रतिनिधियों से आह्वान किया है कि वह जिला पुलिस द्वारा चलाये जा रहे इस अभियान से जुड़कर अपनी भागीदारी सुनिशचित करें, ताकि पूरी तरह से एक नशामुक्त व अपराध मुक्त समाज की स्थापना की जा सके। जिला का जो भी गांव पूर्ण रूप से नशा मुक्त होगा, उस गांव की पंचायत को जिला पुलिस द्वारा सम्मानित भी किया जाएगा। मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान प्रबल प्रहार लगातार भविष्य में भी जारी रहेगा।