फिरोजपुर थाना सिटी पुलिस ने बाहर से जेल परिसर में मोबाइल के पैकेट फेंकने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 16 मोबाइल मिले हैं। पकड़े गए आरोपियों में से एक सेंट्रल जेल फिरोजपुर का सफाईकर्मी है। उधर, थाना सिटी पुलिस ने रविवार उक्त दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि बाहर से जेल परिसर में मोबाइल और मादक पदार्थ के पैकेट फेंकने की वारदात काफी बढ़ती जा रही थी। एसएसपी हरमनदीप सिंह ने इस गिरोह को पकड़ने के लिए एक टीम गठित की थी। बाहर से जेल में पैकेट फेंकने की जब-जब वारदातें हुईं हैं उस समय जेल के आसपास रहने वाले लोगों की मोबाइल लोकेशन ट्रेस की गई।
तफ्तीश दौरान उनके हाथ दो लोग काबू आएं। पूछताछ दौरान उन्होंने बाहर से जेल में पैकेट फेंकने की वारदात स्वीकार कर ली। उनके पास से पुलिस को 16 मोबाइल मिले हैं। पकड़े गए आरोपियों की पहचान संदीप कुमार निवासी कुम्हार मंडी फिरोजपुर कैंट और राजीव कुमार निवासी आफिसर कालोनी के तौर पर हुई है।
राजीव सेंट्रल जेल फिरोजपुर में बतौर सफाई कर्मी तैनात है। एसएचओ ने बताया कि शिकायत पर राजीव को फिरोजपुर जेल से बदल कर बठिंडा जेल भेज दिया था। उक्त दोनों आरोपी जेल में बंदियों से मोटी रकम लेकर उन्हें मोबाइल के अलावा अन्य पदार्थ भेजते थे। ये दोनों पिछले लगभग सात माह से जेल के अंदर मोबाइल के पैकेट फेंकने का धंधा कर रहे थे। उन्होंने बताया कि थाना सिटी पुलिस ने बाहर से जेल में पैकेट फेंकने के चार मामले दर्ज हैं।
जेल में गिरे चार पैकेटों में मिले 21 मोबाइल व अन्य सामग्री
जेल परिसर में गिरे चार पैकेटों में 21 मोबाइल, आठ हेडफोन, छह चार्जर व दो केबल डाटा मिले हैं। उधर, थाना सिटी पुलिस ने जेल के सहायक सुपरिंटेंडेंट की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की तफ्तीश शुरू की है। पुलिस के मुताबिक जेल के सहायक सुपरिंटेंडेंट गुरनाम सिंह अपने मुलाजिमों संग वार्ड नंबर-तीन फांसी आहता के पास चेकिंग कर रहे थे कि उन्हें टेप से लिपटा हुआ एक पैकेट मिला। पैकेट खोलने पर चार मोबाइल फोन, दो चार्जर व तीन हेडफोन मिले। इसी तरह सहायक सुपरिंटेंडेंट बेअंत सिंह और जेल मुलाजिम गश्त कर रहे थे कि वार्ड नंबर तीन के पास खाली जगह से टेप से लिपटे तीन पैकेट मिले, इन्हें खोलने पर 17 मोबाइल, चार चार्जर, पांच हेडफोन व दो केबल डाटा मिले।