प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिले पंजाब भाजपा के नेता।
- फोटो : एएनआई
पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा नेताओं ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। रविवार को पंजाब भाजपा के नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से नई दिल्ली में मुलाकात की। पीएम मोदी के साथ पंजाब के कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। भाजपा नेताओं ने इस दौरान करतारपुर कॉरिडोर खोलने की अपील की। प्रतिनिधिमंडल में पंजाब भाजपा प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम, प्रदेश अध्यक्ष अश्विनी कुमार शर्मा, राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य हरजीत सिंह ग्रेवाल और अन्य नेता शामिल हैं।
पंजाब भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अश्विनी शर्मा ने बताया कि पंजाब के 11 नेताओं के प्रतिनिधिमंडल ने सरकारी आवास पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और श्री गुरु नानक देवजी के प्रकाश पर्व से पहले संगत की भावनाओं से अवगत कराया। अश्वनी शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री ने उन्हें आश्वासन दिया है कि वह उनकी मांग पर गौर करेंगे।
श्री करतारपुर साहिब गुरुद्वारे की तीर्थयात्रा मार्च 2020 से कोरोना महामारी की वजह से निलंबित थी। इस साल 19 नवंबर को श्री गुरु नानक देवजी का प्रकाश पर्व है। भाजपा नेताओं ने गुरुपर्व से पहले करतारपुर कॉरिडोर खोलने की अपील की। पंजाब के भाजपा नेताओं के पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा और गृह मंत्री अमित शाह से भी मिलने की उम्मीद है। अमित शाह से सोमवार को मुलाकात होगी।