सांसद संतोख चौधरी के निधन से पंजाब कांग्रेस में शोक की लहर दौड़ गई है। वहीं विपक्षी दलों ने उन्हें एक सच्चा राजनेता बताया। पीएम नरेंद्र मोदी ने चौधरी को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि सांसद संतोख सिंह चौधरी के निधन से बहुत दुख हुआ। उन्हें पंजाब के लोगों की सेवा करने के उनके प्रयासों के लिए याद किया जाएगा। उनके परिवार और समर्थकों के प्रति संवेदनाएं। ओम शांति। चौधरी का रविवार को अंतिम संस्कार किया जाएगा।
कांग्रेस अध्यक्ष बोले-चौधरी का जाना पार्टी के लिए बड़ा झटका
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि हमारे सांसद संतोख सिंह चौधरी के असामयिक निधन के बारे में जानकर गहरा सदमा और दुख हुआ। उनका जाना पार्टी और संगठन के लिए बड़ा झटका है। दुख की इस घड़ी में मेरा दिल उनके परिवार, दोस्तों और फॉलोअर्स के साथ है। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे।
हिमाचल के सीएम सुखराम सुक्खू ने चौधरी के निधन की खबर पर गहरा दुख प्रकट करते हुए कहा है कि भगवान उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें व परिजनों को इस वज्रपात रूपी दुख को सहने की शक्ति दे।
दिल्ली और पंजाब के सीएम ने जताया शोक
पंजाब के सीएम भगवंत मान ने कहा कि जालंधर से कांग्रेस सांसद संतोख सिंह चौधरी के असामयिक निधन से बेहद दुखी हूं.. ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें। वहीं दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने शोक जताया। केजरीवाल ने कहा कि संतोख चौधरी के निधन के बारे में सुनकर दुख हुआ। उसके परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे।
लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने कहा कि जालंधर से लोकसभा सांसद संतोख सिंह के निधन पर शोक व्यक्त करता हूं। सुदीर्घ सार्वजनिक जीवन में जनहित के मुद्दों पर वे सदैव मुखर रहे। सदन में अनुशासन से अपनी बात रखना उनके व्यक्तित्व की खासियत थी। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें। परिजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं।
शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने ट्विटर पर कहा, जालंधर के सांसद संतोख चौधरी के निधन के बारे में जानकर दुख हुआ। उनके बेटे विक्रमजीत सिंह चौधरी, परिवार और अनुयायियों के प्रति मेरी संवेदनाएं। गुरुसाहब उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें।
सांसद मुनीष तिवारी, गुरजीत औजला, अलका लांबा, विधायक राणा गुरजीत सिंह परिवार के साथ दुख सांझा करने के लिए चौधरी संतोख सिंह के निवास पर पहुंचे। पंजाब के कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा, वित्तमंत्री हरपाल सिंह चीमा समेत तमाम नेताओं ने दुख प्रगट किया है।