सिटी ब्यूटीफुल की ग्राम पंचायत दड़वा और बहलाना के सरपंच के लिए बुधवार का दिन खास होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूरे देश से 31 ग्राम पंचायतों के सरपंचों से बात करेंगे, जिनमें चंडीगढ़ के दो गांव बहलाना और दड़वा को भी शामिल किया गया है। इनमें दड़वा के सरपंच गुरप्रीत सिंह से प्रधानमंत्री होलोग्राफिक कांफ्रेंसिंग से गांव का हाल जानेंगे, जबकि बहलाना की सरपंच मोहिंदर कौर से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए बातचीत करेंगे।
इस कड़ी में चंडीगढ़ के सभी 12 ग्राम पंचायतों को हाई स्पीड ब्राडबैंड सेवा से जोड़ दिया गया है। यह काम भारत सरकार के प्रोजेक्ट भारत नेट के माध्यम से भारत ब्राडबैंड नेटवर्क लिमिटेड (बीबीएनएल) ने पूरा किया है और पूरे देश में ढाई लाख गांव को हाई स्पीड ब्राडबैंड सेवा से जोड़ने की योजना है।
सरपंचों से बातचीत करने से पहले पीएम बुधवार को ही डिजिटल इंडिया वीक सेलिब्रेशन का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद चंडीगढ़ के पास स्थित गांवों के सरपंचों से जो बातचीत होगी, इसकी तैयारी ग्राम पंचायत के कार्यालय में युद्ध स्तर पर चल रहा है। सरपंच भी तैयारी कर रहे हैं और ग्रामीण भी सलाह दे रहे हैं।
एक दिन पहले रिहर्सल की
मंगलवार को होलोग्राफिक कांफ्रेंसिंग के जरिए बातचीत करने की रिहर्सल की गई। अधिकारी भी होमवर्क में जुटे रहे। बीडीपीओ एसएल नौटियाल ने दड़वा गांव में ही डेरा डाल दिया है, ताकि ऐन वक्त में कोई दिक्कत न हो।
होलोग्राफिक कांफ्रेंसिंग के लिए बने कमरे में केवल तीन लोग ग्राम पंचायत दड़वा के सरपंच गुरप्रीत सिंह हैप्पी, पंचायत समिति के चेयरमैन शिंगारा सिंह और पंचायत सचिव जसपाल सिंह शामिल होंगे। ग्राम पंचायत के पंचों के लिए बैठने के लिए अलग व्यवस्था की गई है। हालांकि, प्रधानमंत्री क्या पूछेंगे, इसकी उत्सुकता सरपंचों में बनी हुई है।
बीएन सेतिया, सीनियर जनरल मैनेजर, बीबीएनएल, चंडीगढ़ ने बताया कि चंडीगढ़ की सभी ग्राम पंचायतों को हाई स्पीड ब्राडबैंड सेवा से जोड़ा गया है। पीएम इसका उद्घाटन करेंगे और गांव दड़वा के सरपंच से होलोग्राफ्रिक कांफ्रेंसिंग के जरिए बातचीत करेंगे।