चंडीगढ़। शहर में व्यापारियों, होटल और क्लब संचालकों को निशाना बनाने की साजिश का एक और मामला सामने आया है। सेक्टर-26 स्थित एक क्लब संचालक पर हमले की योजना बनाकर आए शूटर मौके पर रेकी कर लौट गए। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि गैंगस्टर डोनी बल और शगनप्रीत ने इस हमले की साजिश रची थी।
घटना क्लब के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में दिख रहा है कि संदिग्ध युवक एक्टिवा पर सवार होकर पहुंचे। एक युवक नीचे उतरा और बाहर खड़े बाउंसरों से क्लब संचालक के बारे में पूछताछ की। उस समय संचालक वहां मौजूद नहीं था जिससे आरोपी वापस लौट गए। सूत्रों के अनुसार, शूटर कई दिनों से क्लब संचालक की रेकी कर रहे थे और उनके डब में हथियार भी लगा हुआ था। पुलिस ने रेकी करने वाले संदिग्धों की पहचान कर ली है। क्लब संचालक से रंगदारी के लिए कई बार कॉल भी की जा चुकी थी। जांच में यह भी सामने आया है कि हमले की यह योजना पहले से बनाई गई थी और आरोपी तीन दिन तक शहर में ठहरकर रेकी करते रहे।
पीयू फायरिंग से जुड़ा कनेक्शन
पुलिस जांच में सामने आया है कि सेक्टर-26 के क्लब संचालक को निशाना बनाया गया था लेकिन वह नहीं मिला तो आरोपियों ने पंजाब यूनिवर्सिटी में सोपू नेता जश्न जावंधा पर फायरिंग कर दी। गैंगस्टर शगनप्रीत ने रेकी करने वालों को क्लब संचालक की गाड़ी का नंबर भी उपलब्ध कराया था। इस साजिश में डबवाली का काली, अमृतसर के गोला और गुंडा शामिल बताए जा रहे हैं। तीनों की पहचान हो चुकी है लेकिन अभी गिरफ्तारी बाकी है। फायरिंग की घटना में एक्टिवा चला रहे जसप्रीत को पंजाब एजीटीएफ और चंडीगढ़ पुलिस ने संयुक्त ऑपरेशन में अमलोह के पास मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था। वह घायल अवस्था में सेक्टर-32 अस्पताल में उपचाराधीन है।