मनीमाजरा। बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती पर इंदिरा कॉलोनी में तीन एसोसिएशन ने मिलकर एक आंबेडकर जयंती पर भीम संदेश यात्रा निकाली। इस दौरान मनीमाजरा ईडब्ल्यूएस रेजिडेंस वेलफेयर एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजबीर सिंह ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। बाबा साहेब के संदेश ‘शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो’ को जीवन में अपनाने की अपील की। इस मौके पर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि संसद में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का कानून बाबा साहेब के दूरदर्शी सपनों को साकार करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।
बाबा साहेब ने दशकों पहले हिंदू कोड बिल के माध्यम से महिला-पुरुष समानता की नींव रखी थी। पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं को आरक्षण देना भी उनकी दूरगामी सोच का परिणाम है। डॉ. आंबेडकर ने महिलाओं को केवल मतदान का अधिकार ही नहीं दिलाया, बल्कि शिक्षा, सम्मान और सत्ता में भागीदारी का रास्ता भी खोला।
न्याय, स्वतंत्रता और समानता बाबा साहेब के जीवन के मूल मूल्य थे, जिन्हें समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। गरीब और वंचित वर्ग को मुख्यधारा में लाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस मौके पर मास्टर अमरनाथ, चेयरमैन सुभाष धीमान, प्रधान श्याम सुंदर, प्रधान सतबीर सिंह, चेयरमैन सुरेंद्र सिंह, सुनील पारखी और कमल मौर्य सहित अन्य उपस्थित रहे।