चंडीगढ़। पीजीआई पुस्तकालय से पढ़ाई कर पैदल घर जा रहे लोअर डिविजन क्लर्क (एलडीसी) से बाइक सवार दो युवकों ने मोबाइल झपट लिया। वारदात पलसोरा स्थित पोल नंबर 22 के पास की है। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सेक्टर-39 थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ झपटमारी की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में अनिल कुमार (31) ने बताया कि वह सेक्टर-55 में रहते हैं। वह पीजीआई में बतौर लोअर डिविजन क्लर्क हैं। शनिवार रात पीजीआई पुस्तकालय से पढ़ाई करके पैदल ही अपने घर लौट रहे थे। देर रात करीब सवा एक बजे जब वह पलसोरा स्थित पोल नंबर-22 के पास पहुंचे तो मोहाली फेज-एक की तरफ से आ रहा एक युवक उनका मोबाइल झपटकर दूसरे साथी के संग बाइक पर फरार हो गया। इस दौरान वह आरोपियों को पकड़ने के लिए उसके पीछे भी भागे, लेकिन दोनों झपटमार वहां से भागने में कामयाब हो गए। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। वहीं, पुलिस अब घटनास्थल और आसपास क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालने में जुट गई है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।