चंडीगढ़ प्रशासन ने तेल के दामों के ऐतिहासिक ऊंचाई छूने से परेशान उपभोक्ताओं को शुक्रवार को राहत दी है। केंद्र सरकार की ओर से पेट्रोल और डीजल की कीमतों में ढाई रुपये की कटौती करने के बाद शुक्रवार को यूटी प्रशासन ने भी वैट दरों में कटौती कर शहरवासियों को डेढ़ रुपये की राहत दे दी। इसके साथ ही चंडीगढ़ में पेट्रोल और डीजल की कीमतें प्रति लीटर चार रुपये कम हो गईं हैं। यूटी प्रशासन द्वारा दी गई राहत शुक्रवार आधी रात 12 बजे से लागू हो जाएगी। शुक्रवार को चंडीगढ़ में दिनभर ढाई रुपये की कटौती के साथ पेट्रोल 78.45 रुपये जबकि डीजल 70.93 रुपये प्रति लीटर के हिसाब से बिका।
इस कटौती के बाद रिकार्ड स्तर पर पहुंच चुके पेट्रोल और डीजल की कीमतों से लोगों को हल्की राहत मिली है। पेट्रोलियम कंपनियों ने शुक्रवार को सिर्फ केंद्र सरकार द्वारा की गई कटौती को ही चंडीगढ़ में लागू किया। चंडीगढ़ में पेट्रोल और डीजल की कीमतें जनवरी से लेकर अब तक क्रमश: 13 और 15 रुपये प्रति लीटर बढ़ गई हैं जबकि यूटी प्रशासन की राहत के बाद भी कीमतों में महज चार रुपये की कटौती ही की गई है।
पेट्रोलियम कंपनी के एक अधिकारी के अनुसार यूटी प्रशासन द्वारा दरों में की गई कटौती के बाद कैलकुलेशन होने पर ही सारी स्थिति स्पष्ट होगी। पेट्रोल-डीजल के नए रेट्स के आने के बाद नई दरों को लागू किया जाएगा। वैसे, नए दाम के आने के बाद अभी भी चंडीगढ़, पंचकूला और मोहाली में चंडीगढ़ में ही सबसे सस्ती दर पर पेट्रोल-डीजल मिलेगा।
पंचकूला में पेट्रोल 79.99 रुपये और मोहाली में 87.42 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। पंजाब के कई जिलों में पेट्रोल और डीजल के दाम अलग-अलग हैं। यदि रीजन की बात करें तो सबसे सस्ता डीजल परवाणू में है, जहां इसकी कीमत 69.81 रुपये है, हालांकि परवाणू में पेट्रोल की कीमत चंडीगढ़ से 50 पैसे ज्यादा है।
चंडीगढ़ पंचकूला जीरकपुर परवाणू सुजानपुर (पंजाब) शंभू (पंजाब)
पेट्रोल 78.45 79.99 87.42 78.95 87.66 87.30
डीजल 70.93 71.67 73.25 69.81 73.46 73.15