चंडीगढ़ में ई-संपर्क सेंटर पर ऑनलाइन ट्रांजेक्शन का अब कोई चार्ज नहीं लगेगा। किसी भी सर्विस के लिए घर बैठे ऑनलाइन भुगतान कर सकते हैं, फिर चाहे वह किसी बैंक से हो। सभी बैंक के डेबिट और क्रेडिट कार्ड से ट्रांजेक्शन के दौरान एमडीआर (मर्चेंट डिस्काउंट रेट) पर छूट दी जाएगी। बुधवार को प्रशासक वीपी सिंह बदनौर ने इसकी घोषणा की। राजभवन में प्रशासक ने शहरवासियों के लिए भीम-यूपीआईक्यूआर कोड के माध्यम से ऑनलाइन भुगतान का एक नया माध्यम भी लॉन्च किया।
प्रशासक ने कहा कि इंटरनेट बैंकिंग और डेबिट या क्रेडिट कार्ड के उपयोग पर एमडीआर को छोड़ना और भुगतान के लिए भीमयूपीआई मोड लॉन्च करना वर्तमान परिदृश्य में एक महत्वपूर्ण कदम है, क्योंकि यह नागरिकों को डिजिटल भुगतान में लेनदेन की आसानी को लेकर प्रोत्साहित करेगा। उन्होंने कहा कि अब नेट बैंकिंग, डेबिट कार्ड और किसी भी बैंक के क्रेडिट कार्ड के माध्यम से संपर्क केंद्र की वेबसाइट पर जाकर भुगतान किया जा सकता है। इस अवसर पर प्रशासक के सलाहकार परिमल राय, फाइनेंस सेक्रेटरी अजोय कुमार सिन्हा, स्पेशल सेक्रेटरी इंफार्मेशन टेक्नोलॉजी जितेंद्र यादव, एसडीएम अर्जुन शर्मा भी मौजूद रहे।
इतना लिया जाता है ट्रांजेक्शन चार्ज
इससे पहले ऑनलाइन भुगतान करने के लिए नागरिकों से इंटरनेट बैंकिंग के लिए 10 रुपये का ट्रांजेक्शन चार्ज लिया जाता था। डेबिट कार्ड से 2000 रुपये से अधिक की पेमेंट करने पर 0.90 और क्रेडिट कार्ड से पेमेंट करने पर एक प्रतिशत का ट्रांजेक्शन चार्ज लिया जाता है।
सभी चार्ज से मिली छूट
प्रति ट्रांजेक्शन लगने वाले एमडीआर (मर्चेंट डिस्काउंट रेट) चार्जेस से छुटकारा मिल गया है। यूटी प्रशासन ने इसके लिए एक्सिस बैंक के साथ एमओयू साइन किया है। बता दें कि चंडीगढ़ में करीब 53 ई-संपर्क सेंटर हैं।
लाइनों में नहीं लगना पड़ेगा
संपर्क सेंटर पर 60 से अधिक सेवाएं उपलब्ध हैं। इसमें बिजली-पानी बिल, आधार सर्विस, बस पास, कॉलेज फीस, टेनेंट रजिस्ट्रेशन, स्पेस बुकिंग, प्रापर्टी टैक्स, बर्थ-डेथ सर्टिफिकेट, इनकम सर्टिफिकेट जैसी सेवाएं शामिल हैं। इन सभी सेवाओं के लिए लोगों को लाइन लगाकर इंतजार करना होता है। अब उन्हें संपर्क सेंटर आने की भी जरूरत नहीं है। वह नेट बैंकिंग से ही पेमेंट कर सकते हैं।