सुनील जाखड़ और नवजोत सिंह सिद्धू।
- फोटो : फाइल
पूर्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष व प्रचार समिति के अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने चरणजीत सिंह चन्नी को सीएम चेहरा घोषित करने की वकालत की। उनके इस बयान पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। सिद्धू ने कहा कि यह सुनील जाखड़ पर निर्भर है कि वह क्या कहते हैं लेकिन यह न तो उनके हाथ में है और न ही मेरे। जनता विधायक चुनेगी और फिर सीएम चुना जाएगा। हमें लोगों को एजेंडा देना है।
वे (हाईकमान) जो तय करेंगे उसे सभी स्वीकार करेंगे। लेकिन मेरी राय है कि चन्नी को अवसर दिया गया है, उन्हें समय दिया जाना चाहिए ताकि वे काम करना जारी रखें। लोगों ने चार महीने में उनका अच्छा काम देखा है। सुनील जाखड़, पूर्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष
हमारी लड़ाई मजीठिया से नहीं
अमृतसर में नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा कि हमारी लड़ाई बिक्रम सिंह मजीठिया से नहीं बल्कि बड़े बैल (सुखबीर सिंह बादल) से है। उन्होंने कहा कि कुछ चोर जमा हो गए हैं और डरते हैं कि सिद्धू आएंगे तो उनका पर्दाफाश हो जाएगा।
उधर, बिक्रम मजीठिया ने कहा कि नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी नवजोत कौर सिद्धू ने अपनी हार कबूल कर पुराने प्रोफेशन में जाने की बात कहकर उनकी जीत पक्की कर दी है। वह उनका धन्यवाद करते हैं। उन्होंने कहा कि अगर नवजोत सिंह सिद्धू ने अपने क्षेत्र का हाल जाना होता और लोगों का साथ दिया होता तो आज उन्हें इस तरह का बयान नहीं देना पड़ता।
जाखड़ का एक वीडियो भी हो रहा वायरल
इससे पहले सुनील जाखड़ का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ। सुनील जाखड़ ने बताया कि कैप्टन अमरिंदर सिंह के सीएम पद से हटने के बाद कांग्रेस में मतदान हुआ था। वीडियो में सुनील जाखड़ लोगों से कह रहे हैं कि मुझे 42 विधायकों ने वोट दिया। 16 विधायकों ने सुखजिंदर सिंह रंधावा को वोट किया। वहीं 12 विधायकों ने परनीत कौर को अपना समर्थन दिया था। छह मत नवजोत सिंह सिद्धू को मिले और चरणजीत सिंह चन्नी को दो वोट मिले।