पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी।
- फोटो : एएनआई
छह फरवरी को पंजाब में कांग्रेस के मुख्यमंत्री चेहरे का एलान हो जाएगा। सीएम चरणजीत सिंह चन्नी ने गुरुवार को यह जानकारी श्री चमकौर साहिब में दी। सीएम ने कहा कि घोषणा के दौरान वह राहुल गांधी के साथ मौजूद रहेंगे। बता दें कि कांग्रेस ने पहले पंजाब में बिना सीएम चेहरे के चुनाव लड़ने का एलान किया था।
पार्टी नेताओं की मांग के बाद जालंधर में राहुल गांधी ने एक वर्चुअल रैली में सीएम चेहरा जल्द घोषित करने का एलान किया था। सीएम चन्नी अपने विधानसभा क्षेत्र के गांव रंगीलपुर पहुंचे थे। यहाँ उन्होंने कहा कि छह फरवरी को राहुल गांधी सीएम चेहरे का एलान करेंगे। वह जिस किसी का भी एलान करेंगे, हम उसके साथ है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को ही पता है कि सीएम चेहरा कौन है।
सुनील जाखड़ ने उठाई चन्नी को सीएम चेहरा घोषित करने की मांग
उधर, कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने सीएम चरणजीत सिंह चन्नी को सीएम चेहरा घोषित करने की मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि पिछले चार महीने में चन्नी ने बेहतर काम किया है। उन्हें समय देना चाहिए। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि हाईकमान जो भी फैसला करेगा, वह सभी लोगों को मान्य होगा।
सिद्धू का नाम स्टार प्रचारकों की सूची से गायब
कांग्रेस ने बुधवार को उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के लिए 30 स्टार प्रचारकों की सूची जारी की है। पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी पार्टी का प्रचार करने उत्तराखंड जाएंगे। दिलचस्प बात यह है कि इस सूची में कांग्रेस आलाकमान ने पंजाब के मुख्यमंत्री चन्नी को तो शामिल किया है लेकिन पंजाब में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू का नाम इस सूची से गायब है।