व्यापारियों का आरोप है कि तमाम शिकायतों के बाद भी समस्या का कोई हल नहीं किया जा रहा है। विभागीय स्तर पर केवल मरम्मत व फाल्ट होने की बात कहकर कट लगाया जा रहा है। दुकानदारों ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जल्द ही पावर कट पर अंकुश नहीं लगाया तो धरने के लिए मजबूर हो जाएंगे।
प्रधान अमित नैयर, पंजाब सचिव एलआर सोढी, पंजाब संयुक्त सचिव सुनील महाजन, जिला चेयरमैन चाचावेद प्रकाश, जिला प्रभारी भारत महाजन, पैटर्न राजेश शर्मा, महासचिव अरुण गुप्ता ने कहा कि कई घंटों तक लगने वाले कट से कारोबार ठप होने के कगार पर पहुंच गया है। इंडस्ट्री भी प्रभावित हो रही है।
व्यापारियों की दुकानों पर समय पर माल नहीं पहुंच रहा। आम लोगों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सरकार एवं पावरकॉम मैनेजमेंट जल्द उचित कदम उठाए। बिजली कट को बंद करते हुए पर्याप्त बिजली लोगों तक पहुंचाने का कार्य करें। उन्होंने कहा कि एक तरफ तो सरकार 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने की बात कर रही है और दूसरी तरफ आमजन को पर्याप्त बिजली भी मुहैया नहीं करवा पा रही। अगर, हालात इसी तरह रहे तो लोगों को सड़कों पर धरने के लिए मजबूर होना होगा।
संगरूर: पर्याप्त बिजली न मिलने से खफा किसानों ने दिया धरना
पर्याप्त बिजली न मिलने के विरोध में भारतीय किसान यूनियन एकता डकौंदा के ब्लाक नेता सुखविंदर सिंह व किसान नेता बलवंत सिंह की अगुवाई में शेरपुर में पावरकॉम दफ्तर के गेट के सामने धरना लगाकर प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। किसान नेता सुखविंदर सिंह ने कहा कि आप सरकार के कार्यकाल में खेत व घरों को दी जाने वाली बिजली सप्लाई का बुरा हाल है।
खेतों को पानी की सख्त जरूरत है, क्योंकि पशुओं के लिए हरा चारा जरूरी है। अन्य फसलों के लिए जमीन की सिंचाई करनी है। पानी न मिलने के कारण हरा चारा सूखता जा रहा है। यदि हालात ऐसे ही रहे तो पशुओं के लिए चारे का संकट खड़ा हो जाएगा। किसानों ने एसडीओ को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि यदि खेतों व घरों के लिए पर्याप्त बिजली न दी तो आने वाले समय में संघर्ष तेज किया जाएगा।