चंडीगढ़। सेक्टर-12 स्थित पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज में एक फरवरी से ऑफलाइन गतिविधियां शुरू हो जाएंगी। इसे लेकर पेक डीन अकादमिक ने शुक्रवार को निर्देश जारी किए। एक फरवरी से पीएचडी, एमटेक, बीटेक छठे सेमेस्टर (केवल कोर्स वर्क के छात्र) और आठवें सेमेस्टर के विद्यार्थियों की ऑफलाइन कक्षाएं संचालित होंगी।
वहीं बीटेक चौथे सेमेस्टर के विद्यार्थियों की ऑफलाइन कक्षाएं 14 फरवरी से शुरू होंगी। ऑफलाइन परिसर में आने वाले विद्यार्थियों को कोरोना टीकाकरण की दोनों खुराक लगी होनी चाहिए। इसके साथ बीटेक के छठे सेमेस्टर के जो विद्यार्थी इंटर्नशिप कर रहे हैं, उन्हें छात्रावास में ठहरने की सुविधा नहीं दी जाएगी।
प्रो. संजीव बने सेंट्रल रिसर्च फैसिलिटी के कोऑर्डिनेटर
पेक निदेशक डॉ. बलदेव सेतिया की ओर से शुक्रवार को जारी पत्र के अनुसार अप्लाइड साइंसेज विभाग के प्रो. संजीव कुमार को सेंट्रल रिसर्च फैसिलिटी के कोऑर्डिनेटर का दायित्व दिया गया है। शताब्दी वर्ष के हिस्से के रूप में द सेंट्रल रिसर्च फैसिलिटी को स्थापित किया गया है।