चंडीगढ़। यूटी प्रशासन का चंडीगढ़ प्रदूषण नियंत्रण समिति अपनी सेवाएं आसान बनाने में लगा हुआ है। इसके तहत अब प्रदूषण व अन्य किसी भी तरह की एनओसी के लिए इंतजार करने की जरूरत नहीं होगी, बल्कि आवेदन जमा कराने के साथ ही एनओसी प्राप्त की जा सकेगी।
पहले इस काम में कम से कम 45 दिन के करीब लगते थे, लेकिन अब एक क्लिक पर ही एनओसी उपलब्ध होगी। शहर में उद्योगपतियों के साथ ही अस्पताल, होटल, रेस्टोरेंट मालिकों के लिए भी ये प्रक्रिया आसान बना दी गई है। बता दें कि वर्ष 2015 से ऑनलाइन सिस्टम शुरू किया हुआ है, लेकिन पहले इसमें यूनिट की फिजिकल वेरिफिकेशन की जाती थी। अब इस शर्त को हटा दिया गया है। साथ ही अब विभाग से विभिन्न कार्यों को लेकर ली जानी वाली अनुमति भी अपनेआप ही रिन्यू हो रही है। विभाग बायो मेडिकल वेस्ट, ई वेस्ट आदि के लिए ऑनलाइन एनुअल रिटर्न सबमिट करने की सुविधा भी दे रहा है।