पठानकोट आतंकी मामले की जांच कर रही नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी(एनआईए) की 20 सदस्यीय टीम आतंकी द्वारा किडनैप किए गए गुरदासपुर एसपी को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई।
मंगलवार देर शाम पूछताछ के लिए अगवा किए गए एसपी सलविंदर सिंह, उनके कुक मदन लाल और दोस्त ज्वैलर राजेश वर्मा के घर पहुंची। इसके बाद एनआईए की टीम एसपी को अपने साथ ले गई। नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी की 20 सदस्यीय टीम आईजी रैंक के अधिकारी के नेतृत्व में पठानकोट आतंकी हमले की जांच करेगी।
नई दिल्ली में एनआईए हेडक्वार्टर में तीन एफआईआर दर्ज कर ली गई हैं और इनकी जांच भी शुरू हो चुकी है। इस साल की पहली तीन एफआईआर आरसी-01, आरसी-02, आरसी -03 के नाम से नई दिल्ली में दर्ज की गई हैं।
इसमें पहली ड्राइवर एकागर सिंह की हत्या, दूसरी एसपी सलिंदर सिंह के अपहरण और गाड़ी लूटने और तीसरी पठानकोट एयरबेस कैंप पर हमला करने की है। एसपी स्तर के एक अधिकारी को एनआईए ने मुख्य जांच अधिकारी नियुक्त किया है।