पठानकोट में आतंकी हमला केंद्र और राज्य सरकार के खुफिया तंत्र पूरी तरह से फेल होने का नतीजा है। यह आरोप पंजाब की पूर्व मुख्यमंत्री राजिंदर कौर भट्ठल ने लगाए।
भट्ठल ने कहा कि दीना नगर हमले के बाद भी केंद्र सरकार और राज्य सरकार दोनों ही सतर्क नहीं हुई। केंद्र सरकार इस मामले में कुछ कहती है तो पंजाब के उप मुख्यमंत्री और गृह मंत्री सुखबीर सिंह बादल हर बार कुछ करने की बजाए केंद्र सरकार पर आरोप लगा अपना पल्ला झाड़ लेते है।
उन्होंने कहा कि दोनों सरकार इसका जिम्मा एक दूसरे पर फेंक रही है, लेकिन असलियत यह है कि दोनों सरकारों की नाकामी है। एक छोटा सा देश हमें घर में आकर मार रहा है। यह काफी दुख की बात है। भारत पाकिस्तान के बीच बातचीत पर उन्होंने कहा कि बिना बात के तो कोई बात नहीं बनेगी। बात होनी चाहिए।