पठानकोट में पुलिस ने चलाया ऑपरेशन ईगल।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
गैंगस्टरों और अन्य आपराधिक तत्वों की तलाश में पठानकोट पुलिस ने पांच घंटे का व्यापक तलाशी अभियान (ऑपरेशन ईगल) चलाया। एसएसपी पठानकोट हरकमलप्रीत सिंह खख के नेतृत्व में सैकड़ों कर्मचारियों ने पठानकोट कैंट, सिटी रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड समेत सभी सार्वजनिक स्थलों पर सुबह 11 से शाम पांच बजे तक तलाशी अभियान चलाया और शहर में विभिन्न स्थानों पर नाकाबंदी भी की।
इस अभियान में एसएसपी, 2 एसपी, 6 डीएसपी, 10 थाना प्रभारी, 26 इंस्पेक्टर/एसआई और 132 अन्य कर्मचारी शामिल थे। इसके अलावा पूरे जिला में हर थाना स्तर पर डीएसपी स्तर के अधिकारी की निगरानी में विशेष नाका लगाया गया। पठानकोट एसएसपी हरकमलप्रीत सिंह खख ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य जिले के सभी बस स्टैंडों और रेलवे स्टेशनों की तलाशी लेना है ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके।
प्रत्येक थाने की निगरानी एक पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारी ने की। हर सर्च अभियान का नेतृत्व एसपी स्तर के अधिकारी ने किया। इसके अलावा, हर थाना क्षेत्र में डीएसपी के नेतृत्व में वाहन चालकों की जांच की खातिर नाके लगाए गए। उन्होंने बताया कि पुलिस टीमों ने बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर सभी लोगों की जांच की। इसके अलावा संदिग्ध लोगों और वाहनों की भी जांच की जा रही है।
एसएसपी खख ने बताया कि 10 प्रमुख चौकियों पर तलाशी अभियान के दौरान संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच की गई है और वाहनों के स्वामित्व का पता लगाने के लिए वाहन एप्लिकेशन का उपयोग किया गया है। इसके अलावा पुलिस ने यह सुनिश्चित किया कि तलाशी के दौरान लोगों को परेशान न किया जाए। एसएसपी खख ने कहा कि आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए आने वाले समय में इसी तरह का तलाशी अभियान चलाया जाएगा।