दिल्ली में आम आदमी पार्टी की एकतरफा जीत का जश्न चंडीगढ़ और पंजाब में कार्यकर्ताओं ने खूब मनाया। यहां पार्टी कार्यकर्ताओं ने डांस कर जीत को सेलीब्रेट किया। वहीं कई जगह कार्यकर्ताओं ने मिठाई बांट खुशी का इजहार किया।
आप कार्यकर्ताओं ने डाला भंगड़ा, बांटे लड्डू
जालंधर में भी 'आप' की जीत पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने खूब जश्न मनाया। दिल्ली में चुनाव जीतने के बाद जालंधर में भी आम आदमी के दफ्तर में खुशी का माहौल है। इस अवसर पर आप के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने भंगड़ा डाला और लड्डुओं से एक-दूसरे का मुंह मीठा करवाया और नारे लगाए।
सूबे के उप प्रधान डॉ. संजीव शर्मा व शिव दयाल माली ने कहा कि यह जीत केजरीवाल के द्वारा दिल्ली में करवाए गए विकास की जीत है। दिल्ली की जनता की जीत है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में आप सरकार ने शिक्षा, हेल्थ, बिजली, पानी व अन्य कई तरह की सुविधाएं जनता को दी। इस अवसर पर डॉ. संजीव शर्मा, शिव दयाल माली, करतार सिंह पहलवान, लखबीर सिंह, परमिंदर बराड़, डॉ. टीएस रंधावा, राज कुमार और सुभाष प्रभाकर आदि लोग उपस्थित थे।
आम आदमी पार्टी की जीत पर कांग्रेसी नेता ने बांटे लड्डू
आम आदमी पार्टी की जीत पर पंचकूला के एक कांग्रेसी ने जश्न मनाकर 50 किलो से अधिक लड्डू बांटे। यह कांग्रेसी पहले आम आदमी पार्टी में था, लेकिन बाद में कांग्रेस में शामिल हो गया था। अरविंद केजरीवाल के प्रति उसका समर्पण आज फिर देखने को मिला। दिल्ली में जिस तरह से आम आदमी पार्टी को जीत मिली उससे उत्साहित होकर पूर्व पार्षद हरेंद्र सिंह सैनी और विजय सैनी ने राजीव इंदिरा कॉलोनी, खड़क मंगोली लेबर चौक सहित अन्य जगहों पर लड्डू बांटे।
हरेंद्र सिंह सैनी ने कहा कि जनता को बेवकूफ बनाने के दिन अब चले गए हैं। केवल वही जीतेगा जो विकास करेगा। शाहीन बाग, अनुच्छेद 370, राम मंदिर जैसे मुद्दों को लेकर लोगों को आपस में लड़ाने वालों की राजनीति अब खत्म हो चुकी है। हरेंद्र सैनी ने कहा कि दिल्ली की जनता ने बता दिया है कि जो विकास करेगा वही सत्ता में रहेगा।
आम आदमी पार्टी ने निकाला रोड शो
आम आदमी पार्टी की जीत पर हलका इंचार्ज नीना मित्तल की अगुवाई में मंगलवार को राजपुरा में रोड शो निकाला गया। जसबीर सिंह चंदूआ, धर्मेंद्र सिंह बसंतपुरा, सुखदेव सिंह, जसविन्द्र सिंह, अमित कुमार, एडवोकेट रविन्द्र सिंह, संदीप बावा, मुनीष सूद, अनिता रानी, इस्लाम मोहम्मद समेत बड़ी संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने पार्टी का झंडा लेकर टाउन के आईटीआई चौक से होते हुए रोड शो निकाला।
नीना मित्तल ने बताया कि दिल्ली की तर्ज पर पंजाब में विधानसभा चुनाव लड़ा जाएगा और प्रदेश की जनता को दिल्ली की तरह ही योजनाओं का लाभ देकर उनका जीवन स्तर ऊपर उठाया जाएगा। दिल्ली में विशाल जीत के बाद पटियाला समेत पूरे पंजाब में आम आदमी पार्टी की लहर चल रही है। प्रदेश में आम आदमी पार्टी के साथ जुड़ने के लिए सैकड़ों मेहनती व ईमानदार लोगों के उनके पास फोन आ रहे हैं। जल्द ही हाईकमान से मिलकर वह सदस्यता अभियान चलाकर पार्टी की मजबूती के लिए कार्य करेंगी ।