चंडीगढ़ ने इस बार चंडीगढ़ इंडिया साइकिल फॉर चेंज चैलेंज में भाग लिया है। आप इसका हिस्सा बनकर अपने सिटी ब्यूटीफुल को जिताएं। आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय की ओर से स्मार्ट सिटी मिशन के तहत आयोजित इस चैलेंज में देश के 95 शहरों ने भागीदारी की है।
इंस्टीट्यूट फॉर ट्रांसपोर्टेशन एंड डेवलपमेंट पॉलिसी व स्मार्ट सिटीज मिशन मिलकर यह कार्यक्रम आयोजित कर रहीं हैं। स्मार्ट सिटी के सीईओ केके यादव ने बताया कि इस चैलेंज में विजयी होने के लिए शहर के लोगों की भागीदारी जरूरी है। इसके लिए लोग htt://forms.gle/6L4hDySrzHEz7btH9 लिंक पर आवेदन कर सकते हैं।
शहर को साफ एवं स्वच्छ बनाने के लिए ज्यादा से ज्यादा साइकिल का प्रयोग करना होगा। यह चैलेंज दो चरणों में होगा। पहला चरण अक्तूबर से शुरू होगा। इसमें साइकिल लेन, लोगों से इस संबंध में संवाद और साइकिल चलाने के लिए लोगों को प्रोत्साहन किया जाएगा। वहीं दूसरे चरण में देश के 11 शहरों को चुना जाएगा।
यह चरण मई 2021 से शुरू होगा। इसमें राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्केल अप को बढ़ावा देने पर जोर दिया जाएगा। साथ ही विजयी शहर को एक करोड़ रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।