चंडीगढ़ में सेक्टर-17 की साहिब सिंह और एंपायर स्टोर की पेड पार्किंग सुबह 11.30 बजे के बाद ही खुलेगी। नगर निगम ने इस संबंध में पार्किंग ठेकेदारों को नोट जारी कर दिया है। निगम की ओर से ठेकेदारों से यह भी कहा गया है कि अगर वह सुबह 11.30 बजे तक पार्किंग बंद करने के लिए तैयार नहीं है तो वे अपनी जमा राशि निगम से वापस ले सकते हैं, जबकि ठेकेदार इसे नगर निगम का धक्का बता रहे हैं।
नगर निगम ने पिछले बुधवार को सेक्टर-17 की साहिब सिंह और एंपायर स्टोर की पेड पार्किंग के अलावा सेक्टर-22 की शास्त्री मार्केट की पेड पार्किंग की नीलामी करवाई है। ठेकेदारों के अनुसार इन सभी पेड पार्किंग के लिए जो टेंडर अलॉट किया गया था, उसके नियम एवं शर्तों के अनुसार पार्किंग का समय सुबह 8 से लेकर रात 12 बजे का है। ठेकेदारों के अनुसार उन्होंने यह समय देखकर ही बोली दी थी।
अब नगर निगम की ओर से ठेकेदारों को जो नोटिस जारी किया गया है उसमें कहा गया है कि सुबह 11.30 बजे ही पार्किंग खोली जाएगी। नगर निगम की ओर से ऐसा निर्णय सेक्टर-17 की मल्टीलेवल पार्किंग को चलाने के लिए किया गया है। नगर निगम के अनुसार अगर साहिब सिंह और एंपायर स्टोर की पेड पार्किंग सुबह 8 बजे खुलेगी तो व्यापारी और कर्मचारी मल्टीलेवल पार्किंग में अपने वाहन पार्क नहीं करेंगे जिससे मल्टीलेवल पार्किंग का रिस्पांस और ढीला हो जाएगा।
व्यापारियों से समझौते के बाद खोली गई थी पार्किंग
नगर निगम ने पिछले माह जब यह दोनो पार्किंग बंद की थी तो व्यापारियों के साथ समझौते के बाद यह खोली गई थी जिसमे व्यापारियों ने समझौता किया था कि साहिब सिंह और एंपायर स्टोर की पेड पार्किंग सुबह 11.30 बजे तक बंद रहेगी और व्यापारी और कर्मचारी अपने वाहन मल्टीलेवल पार्किंग में पार्क करेंगे। मालूम हो कि अभी ठेकेदारों ने यह दोनो पार्किंग चलानी शुरू नहीं की है अभी भी दोनों पार्किंग निशुल्क ही चल रही है।