कपूरथला हाउस में होगी राघव चड्ढा और परिणीति चोपड़ा की सगाई
- फोटो : अमर उजाला
पंजाब से आम आदमी पार्टी के सांसद राघव चड्ढा और फिल्म अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा की सगाई का गवाह रियासत कपूरथला भी बनेगा। दिल्ली के कनाट प्लेस स्थित जिस कपूरथला हाउस में परिणीति और राघव चुनिंदा मेहमानों की मौजूदगी में सगाई की रस्में पूरी करेंगे, उसे कपूरथला रियासत के महाराजा जगतजीत सिंह ने ही बनवाया था।
दिल्ली प्रवास के दौरान महाराजा कपूरथला रुकते थे यहां
यह स्थान रियासत के समय महाराजा कपूरथला के दिल्ली प्रवास के दौरान उनका आवास हुआ करता था। रियासत काल का दौर खत्म होने पर पंजाब के मुख्यमंत्री व मंत्री दिल्ली आने पर रिहायश के तौर पर इस्तेमाल में लाते हैं। यहीं पर राघव-परिणीति की सगाई का फंक्शन हो रहा है।
यह भी पढ़ें: सगाई पर 'आप' ने राघव-परिणीति को दिया जीत का तोहफा
कपूरथला हाउस को महाराजा जगतजीत सिंह ने 1900 से 1910 के दौरान बनवाया था। ब्रिटिश शासन में दिल्ली को जब बसाया जा रहा था तो उस समय देश के तमाम रियासतों के राजाओं को आवास बनाने के लिए प्लाट दिए गए थे। महाराजा कपूरथला ने दिल्ली आने पर आवास के तौर पर इस्तेमाल के लिए कपूरथला हाउस का निर्माण करवाया था।
रियासत कपूरथला के जानकार हैरी रंधावा ने बताया कि 20वीं सदी में कपूरथला का निर्माण महाराजा जगतजीत सिंह ने करवाया था। अक्सर दिल्ली प्रवास के दौरान वह वहां पर रहते थे। जिसे इस समय पंजाब सरकार रिहायश के तौर पर इस्तेमाल में लाती है।