ट्राईसिटी की सड़कों पर लड़कियां सुरक्षित नहीं हैं। रविवार देर रात फिर वर्णिका जैसी वारदात दोहराई गई। पंचकूला सेक्टर 23 स्थित नार्थ पार्क होटल से देर रात पार्टी करके अपने दो भाइयों के साथ लौट रहीं कार सवार चार युवतियों का दो बाइक सवारों ने रास्ता रोका और डराने के लिए हवाई फायर भी किया।
हैरानी की बात यह है कि पुलिस ने पिछली घटनाओं से भी कोई सबक नहीं सीखा। सूचना मिलने के करीब दो घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची। आरोप यह भी है कि पीसीआर कर्मचारियों ने भी युवतियों की मदद नहीं की। पुलिस ने इस घटना के बाद चंडीमंदिर थाना में अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि मोहाली निवासी मुनीष मन्हास की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ जबरन रास्ता रोकने, मारपीट और हवाई फायर करने का मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है। लेकिन घटना के अगले दिन भी इस मामले के आरोपियों का पुलिस को सुराग नहीं मिल सका है।