पाक के सिंध प्रांत से आए हिंदू जत्थे के पास वतन लौटने के लिए शुक्रवार दोपहर तक का वक्त बचा है और उसे अभी तक साथ लाई गईं मृत परिजनों की अस्थियों को गंगा में विसर्जित करने के लिए हरिद्वार तक जाने का वीजा नहीं मिला है। हालांकि इन लोगों को अभी भी उम्मीद है कि भगवान उनकी विनती सुनेंगे और गंगा माई उन पर कृपा करेंगी।
वीजा देने का मामला केंद्र सरकार के विदेश मंत्रालय व गृहमंत्रालय से जुड़ा है। ऐसे में हरिद्वार तक इन अस्थियों को पहुंचाने के लिए दोनों मंत्रालय जिम्मेदारी लेते हैं या नहीं, यह अभी साफ नहीं है। जबकि पाक से आए इन 142 श्रद्धालुओं को शुक्रवार दोपहर की ट्रेन से वापस वतन लौटना है।
उधर, पाक से आए हिंदू श्रद्धालुओं के जत्थे को हरिद्वार जाने के वीजा को लेकर पंजाब भाजपा के प्रधान विजय सांपला ने वीरवार सुबह गृह मंत्री राजनाथ सिंह और विदेश मंत्री सुषमा स्वराज से बात की। यह संदेश लेकर भाजयुमो के जिला प्रधान सलिल कपूर अपनी टीम के साथ पाक जत्थे के लीडर मुकेश राणा से मिलेे। उन्होंने सांपला से मुकेश राणा की फोन पर बात भी करवाई। मुकेश के अनुसार उन्होंने कहा है कि वीजा मिल जाएगा, लेकिन इसके लिए सारी डिटेल ऑनलाइन ई-मेल करनी होगी।