सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों की फायरिंग के बीच पाकिस्तानी ड्रोन भारतीय सीमा में हेरोइन की खेप फेंककर लौट गया। सर्च अभियान के दौरान शुक्रवार सुबह एक पीले रंग की टेप से लिपटा पैकेट मिला है। इसमें 530 ग्राम हेरोइन और एक अंगूठी मिली। यह घटना गुरुवार रात्रि साढ़े 10 बजे सीमांत गांव पक्का चिश्ती स्थित बीएसएफ चौकी सोवार वाली के पास की है।
खुफिया सूत्रों के मुताबिक गुरुवार रात को बीएसएफ जवान सरहद पर लगी फेंसिंग के साथ-साथ गश्त कर रहे थे। उन्होंने आसमान में मंडराते पाकिस्तानी ड्रोन को देखा जो भारतीय सीमा में हेरोइन की खेप फेंककर लौट रहा था। बीएसएफ जवानों ने ड्रोन को जमीन पर गिराने के लिए ताबड़तोड़ गोलियां दागनी शुरू कर दीं लेकिन ड्रोन सुरक्षित लौट गया। पंजाब पुलिस और बीएसएफ जवानों ने शुक्रवार को सर्च अभियान चलाया। इस दौरान 530 ग्राम हेरोइन और एक अंगूठी मिली। पुलिस और बीएसएफ पाकिस्तान से हेरोइन मंगवाने वाले आरोपियों की तलाश कर रही है।