पंजाब में भारत-पाक सीमा पर हुई फायरिंग से दहशत फैल गई। फायरिंग अबोहर के हिंदूमलकोट में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर शानिवार की सुबहु हुई। इसके बाद पाकिस्तानी ड्रोन को गिराने की चर्चा ने क्षेत्र में जोर पकड़ लिया। हालांकि इस बारे में सीमा सुरक्षा बल ने कोई अधिकृत बयान नहीं दिया है। वहीं दूसरी तरफ एक चर्चा यह भी रही कि फायरिंग के बाद ड्रोन पाकिस्तान की तरफ लौट गया।
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब पांच बजे भारतीय सीमा में राडार की निगरानी में पाकिस्तानी ड्रोन आया। यह घटना कोनी गांव के निकट की है। भारतीय सीमा में ड्रोन के घुसने पर बीएसएफ जवानों ने फायरिंग की। फायरिंग की आवाज सुन कर ग्रामीणों में दहशत फैल गई। अल सुबह भारतीय सीमा में ड्रोन के घुसने और मारे जाने की सूचना मिलने पर सेना के उच्चाधिकारी सुबह ही बॉर्डर पर पहुंच गए।