सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों ने सोमवार दोपहर को गांव रोड़ांवाला खुर्द के खेत से एक ड्रोन और हेरोइन का एक पैकेट बरामद किया है। बीएसएफ अधिकारियों ने सूचना के बाद गांव में सर्च अभियान चलाया और उक्त बरामदगी की। जांच के बाद ड्रोन और हेरोइन का पैकेट पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया।
बीएसएफ प्रवक्ता ने यह जानकारी दी है कि बल की एक टुकड़ी छह नवंबर की दोपहर पाकिस्तान सीमा से कुछ सौ मीटर पहले स्थित गांव रोड़ांवाला में गश्त कर रही थी। इसी दौरान टुकड़ी का नेतृत्व कर रहे अधिकारी को गांव के पास एक ड्रोन पड़े होने की सूचना मिली। इसके तुरंत बाद ही जवानों ने पूरे इलाके में सर्च अभियान शुरु किया।
बल के प्रवक्ता ने बताया कि सर्च अभियान के दौरान गांव रोड़ांवाला के खेत में एक ड्रोन मिला। ड्रोन के साथ एक छल्ले से पीले रंग का पैकेट बंधा था। सामने आया कि पाकिस्तान से आया चीन निर्मित ड्रोन (डीजेआई-मेविक-3 क्लासिक ) अपने साथ हेरोइन का एक पैकेट भी लाया है। बीएसएफ ने पैकेट के अंदर 250 ग्राम हेरोइन बरामद की। प्रारंभिक जांच के बाद बीएसएफ के अधिकारियों ने ड्रोन और हेरोइन का पैकेट पुलिस को सौप दिया।