फगवाड़ा में शिवेसना (बाल ठाकरे) ने प्रदर्शन किया। जालंधर में भाजपा कार्यकर्ता सड़क पर उतरे और घटना की कड़ी निंदा की। लुधियाना में सभी धार्मिक संस्थाओं व सिख जत्थेबंदियों ने पाक के इस कृत्य का कड़ा विरोध जताया और रोष प्रदर्शन किया। फाजिल्का और बठिंडा में भी लोग सड़कों पर उतरे।
श्री ननकाना साहिब का हमला पाक की घटिया हरकत : खन्ना
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व सांसद अविनाश राय खन्ना ने श्री ननकाना साहिब गुरुद्वारे पर हुए पथराव पर दुख जताया है। खन्ना ने कहा कि ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री ननकाना साहिब पर पथराव पाकिस्तान की घटिया हरकत है। गुरुद्वारा साहिब पर हमला और सिखों को पाक से निकालने की धमकी देना, यह साबित करता है कि पाक में अल्पसंख्यक सुरक्षित नहीं हैं। खन्ना ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील की कि पाक में ऐतिहासिक सिख गुरुद्वारों और हिंदू स्थानों सहित अल्पसंख्यकों की सुरक्षा के लिए पाक सरकार से सख्ती से बात करें।
शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ उपप्रधान और पूर्व सांसद प्रेम सिंह चंदूमाजरा ने कहा कि गुरुद्वारा श्री ननकाना साहिब पर शुक्रवार को कुछ शरारती तत्वों की ओर से की गई पत्थरबाजी व सिखों को दी धमकियों का केंद्र सरकार सख्त नोटिस ले। साथ ही कहा कि मोदी सरकार को इस मामले में पाकिस्तान पर अंतरराष्ट्रीय दबाव डालकर प्रदर्शनकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करके उन्हें जेलों में डलवाना चाहिए।
श्री ननकाना साहिब गुरुद्वारे पर हमले में मोदी पाक पर बनाएं दबाव : चीमा
पंजाब विधानसभा में विपक्ष नेता और आम आदमी पार्टी के विधायक हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि पाकिस्तान में स्थि श्री ननकाना साहिब गुरुद्वारे पर हमले के विरोध में प्रधानमंत्री मोदी पाक पर दबाव बनाएं। इसके लिए केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल को आगे आना चाहिए। अगर वे ऐसा नहीं कर सकती तो तुरंत केंद्रीय मंत्रीमंडल से इस्तीफा दें।