-
सीएम ने केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी से फोन पर एफसीआई से चावल भंडारण की उचित व्यवस्था पर की वार्ता
-
अमर उजाला ब्यूराे
चंडीगढ़। पंजाब में एक अक्तूबर से धान की खरीद प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। केंद्र ने राज्य सरकार को धान खरीद के लिए कैश क्रेडिट लिमिट (सीसीएल) के तौर पर 41,339.81 करोड़ रुपये जारी किए हैं। सीएम भगवंत मान ने बुधवार को धान खरीद के प्रबंधों को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक भी की। इसमें पंजाब राइस मिलर्स एसोसिएशन का प्रतिनिधिमंडल भी मौजूद रहा। चावल भंडारण की समस्या को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार की ओर से किसानों की फसल मंडियों में पहुंचने से लेकर खरीदने तक की पूरी प्रक्रिया के लिए उचित प्रबंध किए गए हैं। किसानों को उनके बैंक खातों में मौके पर ही अदायगी यकीनी बनाने के लिए एक व्यावहारिक विधि विकसित की गई है। बैठक में राइस मिलर्स एसोसिएशन की ओर से भंडारण की समस्या को लेकर जब चर्चा की गई, इस पर सीएम ने बैठक में ही केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी से इस पर बात की। मुख्यमंत्री ने इस मुद्दे पर केंद्रीय खाद्य और सिविल सप्लाई मंत्री प्रह्लाद जोशी के साथ टेलीफोन पर बातचीत की और मामले को सुलझाने के लिए उनके दखल की मांग की। उन्होंने केंद्रीय मंत्री को एफसीआई को चावलों की डिलीवरी के लिए अपेक्षित जगह बनाने के लिए निर्देश देने के लिए कहा जिससे राज्य में खरीफ मंडीकरण सीजन 2024-25 के दौरान धान व चावलों की खरीद निर्विघ्न ढंग के साथ हो सके।