पंजाब यूनिवर्सिटी प्रशासन ने 5 अप्रैल को बीकॉम प्रथम वर्ष अंग्रेजी पेपर में 32 अंक के सवाल आउट ऑॅफ सिलेबस के मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है। पीयू प्रवक्ता के अनुसार, पीयू कंट्रोलर ऑफ एग्जामिनेशन ने विद्यार्थियों की शिकायत पर पूरे मामले की रिपोर्ट 2 दिन के भीतर अंग्रेजी के सब्जेक्ट एक्सपर्ट से मांगी है। इसके बाद रिपोर्ट को बोर्ड ऑफ स्टडीज और अंतिम अप्रूवल के लिए पीयू कुलपति प्रो. अरुण कुमार ग्रोवर के पास भेजा जाएगा। गौरतलब है कि अंग्रेजी के पेपर में लिटरेचर भाग से 20 अंक और ग्रामर से 12 अंक के प्रश्न पत्र आउट ऑफ सिलेबस आने को लेकर विद्यार्थियों ने पीयू प्रशासन को चिट्ठी लिखी थी। इस मामले को लेकर पीयू एबीवीपी और अन्य छात्र संगठनों ने भी मामले में विद्यार्थियों को ग्रेस मार्क्स देने की अपील की थी। इसके बाद पीयू कंट्रोलर ऑफ एग्जामिनेशन ने मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए सब्जेक्ट एक्सपर्ट से रिपोर्ट मांगी है।
एबीवीपी ने दिया ज्ञापन
मंगलवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने सोमवार को बीकॉम दूसरे वर्ष मैनेजमेंट और तीसरे वर्ष कॉस्ट अकाउंटिंग पेपर भी ऑउट ऑफ सिलेबस आने की शिकायत की। एबीवीपी एसजीजीएस प्रेसिडेंट हरमनजोत सिंह गिल ने बताया कि 5 अप्रैल को बीकॉम अंग्रेजी पेपर में भी विद्यार्थियों को ग्रेस मार्क्स देने की मांग कुलपति से की गई है। गिल ने कहा कि पीयू जैसी प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी के प्रश्न पत्रों में इस तरह की गलतियां होना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जल्द मामले में कार्रवाई की जाए और सैकड़ों विद्यार्थियों के कैरियर से खिलवाड़ नहीं होना चाहिए।