मुख्य सचिव ने बताया कि मुख्यमंत्री ने आपदा फंड में से 10 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। पेयजल को दूषित होने से बचाया जाए और इस बारे में अधिकारी दो दिनों में यह सर्टिफिकेट दें कि कहीं भी पानी की पाइप लाइन में कोई कमी नहीं है और पीने वाला पानी पूरी तरह साफ है। वहीं, शिक्षा मंत्री हरजोत बैंस ने बताया कि बाढ़ से प्रभावित स्कूलों के लिए 27.77 करोड़ रुपये की राशि जारी की गई है। प्रत्येक स्कूल को जरूरत के हिसाब से 5 से 30 हजार रुपये तक की राशि जारी की जाएगी। सेहत विभाग को क्लोरीन दवाओं के लिए 50 लाख, जबकि पशुपालन विभाग की तरफ से जिलों को 40 लाख रुपये जारी किए हैं।
मानसा में बांध तोड़ने पर चले ईंट-पत्थर
सोमवार को सरदूलगढ़ के गांव झंडा खुर्द व रोड़की के बीच घग्गर दरिया में फिर से करीब 50 फुट की दरार पड़ने से कई गांवों में 1500 एकड़ फसल पानी में डूब गई। बाढ़ का पानी निकालने के लिए गांव चहलावाली व झुनीर के लोगों में ईंट-पत्थर भी चले। पुलिस ने दखलंदाजी कर मामले को शांत करवाया।
पौंग बांध ने 13898, शाह नहर से 17948 क्यूसिक पानी छोड़ा
पौंग बांध से सुबह 13898 क्यूसेक पानी शाह नहर बैराज में छोड़ा गया। वहीं, शाह नहर बैराज से 17948 क्यूसेक पानी को ब्यास दरिया में छोड़ना पड़ा। इससे निचले क्षेत्रों में बाढ़ का खतरा बरकरार है।