संपर्क केंद्र में पंजीकरण कराने पहुंचे लोग।
- फोटो : अमर उजाला
जीएमएसएच-16 में भीड़ को नियंत्रित करने के उद्देश्य से सोमवार से 10 संपर्क केंद्रों में ओपीडी पंजीकरण सुविधा शुरू कर दी गई है। मरीजों ने इन संपर्क केंद्रों पर 10 रुपये का शुल्क जमा कर अपना पंजीकरण करवाया। पंजीकरण सुबह आठ बजे से 11 बजे तक हुआ। हालांकि सुविधा की जानकारी न होने के कारण पहले दिन संपर्क केंद्रों पर कम संख्या में ही मरीज पंजीकरण कराने पहुंचे।
जीएमएसएच-16 की ओपीडी में पंजीकरण काउंटर पर मरीजों को इस सुविधा से संबंधित जानकारी दी गई, ताकि वे अगली बार इसका लाभ उठा सकें। इस पायलेट प्रोजेक्ट का शुभारंभ 10 सितंबर को सेक्टर 15 स्थित संपर्क केंद्र पर किया जा चुका है। प्रशासन के अनुसार पीजीआई और जीएमसीएच 32 को भी इससे जोड़ने की तैयारी की जा रही है। हालांकि उसमें थोड़ा वक्त लगेगा।
इस सुविधा के अंतर्गत ऑनलाइन पंजीकरण को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। बार कोड आधारित ओपीडी कार्ड जारी करने के उद्देश्य से जीएमएसएच- 15 में एक अलग काउंटर की व्यवस्था की गई है। अब ऑनलाइन पंजीकरण के बाद मरीज बिना किसी परेशानी के विशेष काउंटर से ओपीडी कार्ड प्राप्त कर सकते हैं। इन सबके बीच जीएमएसएच-16 में फ्री वॉक इन रजिस्ट्रेशन की मौजूदा प्रणाली भी बिना किसी बदलाव के उपलब्ध रहेगी।
इन सुविधा केंद्रों पर मिलेगा सुविधा
- संपर्क केंद्र, सेक्टर-10
- संपर्क केंद्र, सेक्टर-15
- संपर्क केंद्र, सेक्टर-40
- संपर्क केंद्र, सेक्टर-43
- संपर्क केंद्र, इंडस्ट्रीयल एरिया फेज 1
- संपर्क केंद्र, धनास
- संपर्क केंद्र, मौली जागरण
- संपर्क केंद्र, बापू धाम
- संपर्क केंद्र, मनीमाजरा
- संपर्क केंद्र, मलोया