चंडीगढ़ में अब तक 671 मिलीमीटर बारिश हो जानी चाहिए थी, लेकिन हुई सिर्फ 409 मिलीमीटर। इस हिसाब से चंडीगढ़ में अब तक बारिश में 39 फीसदी की कमी रिकॉर्ड की गई है। यदि आने वाले दिनों में बारिश नहीं होती है तो यह आंकड़ा और भी बढ़ सकता है। हालांकि मानसून की शुरुआत में ही मौसम विभाग ने बता दिया था कि इस बार उत्तरी इलाकों में बारिश सामान्य से कम दर्ज की जा सकती है। फिलहाल इस समय पश्चिमी हवाएं चल रही हैं। उम्मीद है कि आखिरी दिनों में छिटपुट बारिश हो जाए।
गर्मी के साथ उमस भी बढ़ी
पिछले कुछ दिनों से बारिश नहीं होने से तापमान एक बार फिर सामान्य से ऊपर पहुंच गया है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 35.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जो सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से पांच डिग्री अधिक रहा। हवा में नमी की अधिकतम मात्रा 89 फीसदी रिकॉर्ड हुई, जबकि न्यूनतम 60 फीसदी। अगले तीन दिन फिलहाल बारिश के चांस नहीं हैं। दो दिन हल्के बादल छाए रहेंगे और तापमान से भी राहत मिलने के आसार नहीं है।
अगस्त में किस साल कितनी बारिश
साल बारिश
2021 148 (26 अगस्त तक)
2020 441.3
2019 284.4
2018 304.6
2017 264.8
2016 127.4
आगे बारिश होने की उम्मीद कम है, क्योंकि अभी कोई मजबूत सिस्टम नहीं बन रहा है। अगस्त के आखिरी दिनों में छिटपुट बारिश के आसार हैं, लेकिन बारिश ज्यादा नहीं होगी। -मनमोहन सिंह, निदेशक, चंडीगढ़ मौसम विभाग